ट्रॉफी चोर की बात आज की तारीख में जब क्रिकेट की दुनिया में की जाती है तो अकेले पाकिस्तान के मोहसिन नकवी का नाम सामने आता है। नकवी भारत की दो एशिया कप ट्रॉफियां लेकर बैठे हैं। अब सवाल ये है कि वे कब तक एसीसी यानी एशियन क्रिकेट काउंसिल के चेयरमैन बने रहेंगे। जो कुछ हाल के दिनों में हुआ है, क्या ऐसा लगने लगा है कि उनकी उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है।
चैंपियन बनने के बाद भी भारतीय टीम ने नकवी के हाथों से नहीं ली ट्रॉफी
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को फाइनल में हराकर एशिया कप 2026 की ट्रॉफी अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की, लेकिन मोहसिन नकवी के कारण ट्रॉफी नहीं मिल पाई। दरअसल एशिया कप एसीसी आयोजित करवाता है और उसके अध्यक्ष मोहसिन नकवी हैं, जो कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी पीसीबी के भी अध्यक्ष हैं। जब भी एशिया कप होता है तो नकवी ही ट्रॉफी देने के लिए आ जाते हैं, लेकिन भारतीय टीम का स्टैंड बिल्कुल साफ है कि उनके हाथों से वे ट्रॉफी नहीं लेंगे।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में पिछले ही साल टीम ने जीता था मेंस एशिया कप का खिताब
इससे पहले जब भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में पाकिस्तान को बुरी तरह से पीटकर एशिया कप का खिताब जीता था, तब भी मोहसिन आ गए थे, लेकिन टीम ने उनके हाथों से इसे लेने से इन्कार कर दिया। हालांकि इसके बाद भी नकवी हटे नहीं और भारत को खाली हाथ लौटना पड़ा। इस बार भी ऐसा ही कुछ हुआ, बस फर्क इतना था कि पहले पुरुष टीम थी और इस बार महिला टीम को खाली हाथ घर आना पड़ा है।
अप्रैल 2027 तक ही एसीसी अध्यक्ष रहेंगे मोहसिन नकवी
इस बीच आपको बता दें कि मोहसिन की उल्टी गिनती अब शुरू हो चुकी है। नकवी का एसीसी अध्यक्ष का कार्यकाल अप्रैल 2027 तक का ही है। यानी मोटे तौर पर देखें तो केवल सात महीने का ही वक्त उनके पास है। वैसे तो एसीसी अध्यक्ष रिपीट हो सकता है, यानी दोबारा ताजपोशी हो सकती है, लेकिन नकवी के दोबारा इस पद पर रहने की संभावना बिल्कुल भी नहीं है। नकवी जो कुछ भी कर रहे हैं, उसे पूरी दुनिया देख रही है। एसीसी अध्यक्ष इस संस्था के सदस्यों के वोट के आधार पर चुना जाता है, लेकिन कुछ एक को छोछ़ दें तो कोई भी नकवी के साथ नहीं है।
रोटेशन पॉलिसी के तहत बदल जाएगा एसीसी का अध्यक्ष
मोहसिन नकवी ने अप्रैल 2025 में ही इस पद को संभाला था। एसीसी का अध्यक्ष दो साल के लिए चुना जाता है। इस हिसाब से अप्रैल 2027 में उनका कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। ये पद रोटेशन पॉलिसी के तहत रहता है। भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान के बीच बदल बदलकर अध्यक्ष चुना जाता है। यानी नकवी के दोबारा इस पर रहने की कोई संभावना नहीं है। इस बीच आपको ये भी बता दें कि अगला एशिया कप मई 2027 में होगा। तब तक नकवी इस पद पर नहीं रहेंगे और कोई नया अध्यक्ष चुना जा चुका होगा। अगला एशिया कप बांग्लादेश में होने की संभावना है और 2027 में एशिया कप वनडे फॉर्मेट पर खेला जाएगा।
यह भी पढ़ें
अभिषेक शर्मा ने कर ली रोहित शर्मा की बराबरी, पहले ओवर में एक छक्का और बन जाएगा रिकॉर्ड
आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को सुनाई सजा, WTC पॉइंट्स टेबल में भयंकर नुकसान