आंध्रा प्रीमियर लीग 2025 का फाइनल तुंगभद्रा वॉरियर्स और अमरावती रॉयल्स के बीच 23 अगस्त को खेला गया। इस मैच में महीप कुमार की कप्तानी वाली तुंगभद्रा वॉरियर्स ने अमरावती रॉयल्स को 5 विकेट से मात दी। अमरावती टीम की कप्तानी इस सीजन हनुमा विहारी ने की। फाइनल मैच में तुंगभद्रा वॉरियर्स के जीत के हीरो गुट्टा रोहित रहे, उन्होंने 28 गेंदों पर 63 रनों की बेहतरीन पारी खेली। अमरावती ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 194 रन बनाए थे। 195 रन के टारगेट को तुंगभद्रा की टीम ने 5 विकेट और 12 गेंद रहते हासिल कर लिया।
हनुमा विहारी ने फाइनल में लगाया शानदार अर्धशतक
पहले बल्लेबाजी करने उतरी अमरावती रॉयल्स टीम की शुरुआत बेहद शानदार रही। कप्तान हनुमा विहारी और मंयला प्रणीत के बीच पहले विकेट के लिए 70 रनों की पार्टनरशिप हुई। प्रणीत ने 22 गेंदों पर 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से 47 रनों की पारी खेली। कप्तान हनुमा विहारी ने भी अर्धशतक जड़ा और वह 37 गेंदों पर 4 चौके और एक छक्के की मदद से 51 रन बनाकर आउट हुए। इन दोनों के आउट होने के बाद अमरावती का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। आखिरी के ओवर में पी राजू ने 14 गेंद पर 22 और बी अय्यप्पा ने 3 गेंद पर 10 रन बनाकर टीम को 194 रनों के स्कोर तक पहुंचा दिया। तुंगभद्रा की तरफ से केवी शशिकांत ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।
गुट्टा रोहित ने फाइनल में खेली तूफानी पारी
195 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी तुंगभद्रा की शुरुआत बेहद खराब रही। दूसरे ही ओवर में कप्तान महीप कुमार के रूप में टीम को पहला झटका लगा, वह 4 गेंदों पर 3 रन बनाकर चलते बने। लेकिन इसके बाद तीसरे नंबर पर उतरे गुट्टा रोहित ने तूफानी अंदाज में अपनी पारी की शुरुआत की। पहले 6 ओवर में वॉरियर्स ने 76 रन बना डाले। रोहित ने सिर्फ 19 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की। सीआर ग्नानेश्वर और रोहित के बीच दूसरे विकेट के लिए 95 रनों की साझेदारी हुई। रोहित ने इस मैच में 28 गेंद पर 7 छक्के और 3 चौकों की मदद से रोहित ने 63 रन बनाए। वहीं ग्नानेश्वर ने भी अपनी फिफ्टी पूरी की और वह 45 गेंदों पर 66 रन बनाकर आउट हुए। विकेटकीपर एम दत्त रेड्डी ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए, 12 गेंद पर 25 रन बनाए। तुंगभद्रा की टीम ने 18वें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। तुंगभद्रा पहली बार आंध्रा प्रीमियर लीग का खिताब जीतने में कामयाब रही।
यहां देखें तुंगभद्रा वॉरियर्स का विनिंग मोमेंट
यह भी पढ़ें
वनडे वर्ल्ड कप 2027 के प्लान का हुआ खुलासा, साउथ अफ्रीका करेगा 44 मैचों की मेजबानी
AUS vs SA: कप्तान की हो सकती है वापसी, तीसरे ODI के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11