WPL: वूमेन्स प्रीमियर लीग (WPL) में UP वॉरियर्स का सफर हार के साथ ही खत्म हो गया। दिल्ली कैपिटल्स के हाथों मिली हार के साथ ही UP वॉरियर्स ने लीग के इतिहास में एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जिसे कोई भी टीम बनाना नहीं चाहेगी। दरअसल, UP वॉरियर्स अब WPL इतिहास में सबसे ज्यादा मैच हारने वाली टीम बन गई है। दिल्ली कैपिटल्स ने UP की टीम को 5 विकेट से मात दी।
DC ने दर्ज की शानदार जीत
पहले बल्लेबाजी करते हुए UP वॉरियर्स की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 122 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने 19वें ओवर में ही 123 रनों का लक्ष्य 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही दिल्ली ने मुंबई इंडियंस को बाहर का रास्ता दिखाते हुए प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर लिया। वहीं, UP ने लगातार तीसरी हार के साथ ही WPL के इतिहास में सबसे ज्यादा मैच हारने का शर्मनाक रिकॉर्ड बना दिया।
लगातार दूसरी बार सबसे निचले पायदान पर रही
अब तक खेले गए 33 मुकाबलों में UP वॉरियर्स को 21 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। इस मामले में उसने गुजरात जायंट्स को भी पीछे छोड़ दिया है, जिसने 33 मैचों में 20 मुकाबले गंवाए हैं। लगातार हार के चलते यूपी वॉरियर्स की टीम पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस सीजन टीम ने पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले स्थान पर फिनिश किया। पिछले सीजन भी टीम का यही हाल रहा था।
WPL इतिहास में सबसे ज्यादा हार झेलने वाली टीमों की सूची में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु तीसरे स्थान पर है। RCB ने 34 मैचों में 17 मुकाबले गंवाए हैं। वहीं दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन तुलनात्मक रूप से बेहतर रहा है। दिल्ली कैपिटल्स को 35 मैचों में 14 हार मिली हैं, जबकि मुंबई इंडियंस ने 37 मुकाबलों में सिर्फ 14 मैच गंवाए हैं।
WPL इतिहास में सबसे ज्यादा मैच हारने वाली टीमें
- UP वॉरियर्स - 33 मैचों में 21 हार
- गुजरात जायंट्स - 33 मैचों में 20 हार
- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु - 34 मैचों में 17 हार
- दिल्ली कैपिटल्स - 35 मैचों में 14 हार
- मुंबई इंडियंस - 37 मैचों में 14 हार
यह भी पढ़ें:
IND vs PAK: पाकिस्तान पीछे हटा, लेकिन टीम इंडिया निभाएगी पूरी जिम्मेदारी, करेगी ये सारे बड़े काम
हम कुछ नहीं कर सकते…’ भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने पर पाकिस्तानी कप्तान ने दिया बड़ा बयान