श्रीलंका दौरे से सीरीज जीतकर लौट रही टीम इंडिया के खाते में खुशी के साथ एक छोटी सी निराशा भी है। भारत ने दो टेस्ट मैचों की सीरीज 1-0 से अपने नाम तो कर ली, लेकिन फॉलोऑन खिलाने के बावजूद दूसरे टेस्ट में जीत हासिल नहीं कर सका। कोलंबो में खेले गए मुकाबले के ड्रॉ होने का सीधा असर भारत की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप यानी WTC पॉइंट्स टेबल पर भी पड़ा है।
दूसरी तरफ आखिरी टेस्ट में श्रीलंका के लिए सोनल दिनुशा सबसे बड़े हीरो बनकर उभरे। उन्होंने दोनों पारियों में शानदार शतक जड़ते हुए भारतीय टीम की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। दिनुशा ने पहली पारी में 162 गेंदों पर 103 रन बनाए, जबकि दूसरी पारी में 264 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 133 रन जड़े।
श्रीलंका ने भारत के 503/9 घोषित के जवाब में पहली पारी में 290 रन बनाए थे। इसके बाद भारत ने मेजबान टीम को फॉलोऑन दिया, लेकिन दूसरी पारी में श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने शानदार जुझारूपन दिखाया और टीम ने 429/9 पर पारी घोषित कर मैच ड्रॉ करा लिया। दिनुशा 1997 के बाद टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले श्रीलंका के पहले बल्लेबाज भी बन गए।
भारतीय टीम किस पायदान पर?
अगर भारत को कोलंबो टेस्ट में जीत मिलती, तो टीम के खाते में 12 पॉइंट आते। इससे उसका PCT बढ़कर 63.33 हो जाता और भारतीय टीम WTC पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर पहुंच जाती। लेकिन मैच ड्रॉ होने के बाद भारत और श्रीलंका को 4-4 पॉइंट्स मिले। इस नतीजे के बाद भारत का पॉइंट्स प्रतिशत यानी PCT 53.33 से घटकर 51.51 हो गया है। हालांकि, टीम इंडिया अभी भी WTC पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर बनी हुई है। दूसरी ओर, श्रीलंका का पॉइंट्स प्रतिशत 33.33 ही है और वह 9 टीमों की लिस्ट में छठे स्थान पर कायम है।
WTC फाइनल की दौड़ में ऑस्ट्रेलिया फिलहाल सबसे आगे है। बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में बड़ी जीत के बाद उसका पॉइंट्स प्रतिशत 80 हो गया है। मौजूदा चैंपियन साउथ अफ्रीका 75 के PCT के साथ दूसरे स्थान पर है। न्यूजीलैंड तीसरे और बांग्लादेश चौथे स्थान पर मौजूद है।
टीम इंडिया की फाइनल पर निगाहें
अब टीम इंडिया का फोकस व्हाईट बॉल सीरीज पर होगा। भारत का अगला टेस्ट नवंबर में न्यूजीलैंड दौरे के दौरान होगा। मौजूदा WTC चक्र में भारत को अभी 7 टेस्ट खेलने हैं, जिनमें न्यूजीलैंड के खिलाफ दो और घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टेस्ट शामिल हैं। वहीं, श्रीलंका अपना अगला टेस्ट नवंबर में पाकिस्तान दौरे पर खेलेगा। उसके पास इस WTC चक्र में चार मुकाबले बाकी हैं, जिनमें पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ दो-दो टेस्ट शामिल हैं। भारत के लिए सीरीज जीत अहम जरूर रही, लेकिन WTC फाइनल की राह में आगे बढ़ने के लिए आने वाले मुकाबलों में जीत का सिलसिला जारी रखना बेहद जरूरी होगा।
यह भी पढ़ें:
ऋषभ पंत ने पकड़ ली टीम इंडिया की कमजोरी, बोले- बाहर से कोई नहीं आएगा VIDEO
एशिया कप के लिए दुबई पहुंची टीम इंडिया, पाकिस्तान को धूल चटाने और खिताब पर होगी नजर