अमेरिका क्रिकेट टीम और यूएई की क्रिकेट टीम के बीच वनडे मुकाबला आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग-2 में हुआ था। जहां अमेरिका की टीम ने इस मैच में धमाकेदार अंदाज में जीत दर्ज की। अमेरिका ने पहले बैटिंग करते हुए कुल 292 रन बनाए। इसके बाद संयुक्त अरब अमीरात की टीम सिर्फ 49 रनों पर ढेर हो गई और मुकाबला 243 रनों के बड़े अंतर से हार गई।
अमरेकिा वनडे क्रिकेट में जीत दर्ज की अपनी सबसे बड़ी जीत
वनडे क्रिकेट के इतिहास में अमेरिका की ये सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले अमेरिका ने मई 2025 में कनाडा के खिलाफ वनडे मुकाबला 169 रनों से जीता था। इसके अलावा अमेरिका की टीम पहली एसोसिएट टीम बन गई है, जिसने वनडे क्रिकेट में 200 प्लस रनों से मैच जीता है। इससे पहले एसोसिएट देशों की तरफ से वनडे क्रिकेट में सबसे बड़ी जीत केन्या के नाम थी। उसने साल 2007 में स्कॉटलैंड के खिलाफ 190 रनों से मुकाबला जीता था, लेकिन अब अमेरिका ने 243 रनों से मैच जीतकर 18 साल पुराना कीर्तिमान ध्वस्त कर डाला है।
अमेरिका के दो बल्लेबाजों ने लगाए शतक
यूएई के खिलाफ वनडे मैच में अमेरिका की टीम के लिए सैतेजा मुक्कमल्ला और मिलिंद कुमार ने दमदार बल्लेबाजी की। इन दोनों प्लेयर्स ने विरोधी टीम के गेंदबाजों की जमकर धज्जियां उड़ाईं और शतक ठोक दिए। मुक्कमल्ला ने मैच में 149 गेंद खेलते हुए कुल 137 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और तीन छक्के शामिल रहे। उनके अलावा मिलिंद कुमार ने 125 गेंदों में कुल 123 ठोके, जिसमें 11 चौके और एक छक्का शामिल रहे। इन प्लेयर्स की वजह से ही अमेरिका की टीम बड़ा स्कोर बनाने में सफल रही और टीम ने निर्धारित 50 ओवर्स में कुल 292 रन बनाए।
मैच में शतक लगाते ही मिलिंद कुमार ने अमेरिका की टीम के लिए वनडे क्रिकेट में सबसे कम पारियों में 1000 रन पूरे करने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने 21 पारियों में ऐसा किया है, जबकि उनसे पहले अमेरिका के लिए आरोन जोन्स ने 25 पारियों में हजार रन पूरे किए थे।
यूएई के बल्लेबाज रहे फ्लॉप
इसके बाद यूएई की टीम के लिए कोई भी बल्लेबाज क्रिज पर टिककर बैटिंग नहीं कर पाया। टीम के लिए जुनैद सिद्दीकी ही इकलौते बल्लेबाज रहे, जो दोहरे अंक में पहुंच पाए। उन्होंने 10 रन बनाए। अमेरिका के लिए रुशिल उगरकर ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और उन्होंने कालिताना गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके। उन्होंने यूएई की पारी को तहस-नहस करके रख दिया। उगरकर ने 8.1 ओवर्स में कुल 22 रन दिए और काफी किफायती भी साबित हुए।
यह भी पढ़ें:
Women World Cup 2025 में पाकिस्तान नहीं जीत पाया एक भी मैच, अब हेड कोच से तोड़ लिया नाता
पाकिस्तान के इस ग्राउंड में 17 साल बाद होगा इंटरनेशनल मैच, शाहीन पहली बार करेंगे ODI में कप्तानी