1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. उस्मान ख्वाजा ने कटा दी नाक, आईसीसी डब्ल्यूटीसी फाइनल में ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज

उस्मान ख्वाजा ने कटा दी नाक, आईसीसी डब्ल्यूटीसी फाइनल में ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज

 Published : Jun 11, 2025 05:04 pm IST,  Updated : Jun 11, 2025 05:04 pm IST

WTC Final: उस्मान ख्वाजा ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में वो काम कर दिया, जिसकी उम्मीद किसी को नहीं थी। वे फिर से फ्लॉप रहे और अपनी टीम को संकट में डालकर चले गए।

Usman Khawaja- India TV Hindi
उस्मान ख्वाजा Image Source : GETTY

ICC World Test Championship Final: ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला शुरू हो चुका है। ये मैच क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले ऐतिहासिक लॉर्ड्स के मैदान पर खेला जा रहा है। इस मैच में एक बार​ फिर ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने नाक कटाने का काम किया है। अभी हालांकि फाइनल का पहला ही दिन है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत काफी खराब रही। अब उस्मान ख्वाजा ने वो रिकॉर्ड बना दिया है, जो इससे पहले कभी भी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में देखने को नहीं मिला। 

साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर चुनी पहले बल्लेबाजी

डब्ल्यूटीसी फाइनल में साउथ अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। जो सही साबित हुआ। ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा और मार्नस लाबुशेन एक एक रन के लिए तरसते हुए नजर आए। पहले तीन ओवर में तो कोई रन ही नहीं बना। इस बीच मार्नस ने तो रन बनाकर अपना खाता खोल लिया, लेकिन उस्मान ख्वाजा तो ये काम भी नहीं कर पाए। वे 20 बॉल खेलकर शून्य पर आउट होकर वापस चले गए। 

डब्ल्यूटीसी फाइनल में पहली बार 20 बॉल खेलकर कोई बल्लेबाज शून्य पर आउट हुआ

आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में ये पहली बार हुआ है, जब कोई बल्लेबाज 20 बॉल खेलकर भी बिना कोई रन बनाए आउट हो गया हो। इससे पहले जब साल 2023 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच डब्ल्यूटीसी का फाइनल खेला गया था, तब भी उस्मान ख्वाजा ने दस बॉल खेलीं, लेकिन रन एक भी नहीं बना पाए। इस बार वे साउथ अफ्रीका ही नहीं, बल्कि दुनिया के सबसे घातक गेंदबाजों में से एक कगिसो रबाडा के शिकार बने। 

जल्दी जल्दी गिर गए ऑस्ट्रेलिया के तीन विकेट

ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका तब लगा, जब टीम का स्कोर केवल 12 ही रन था। टीम को गहरा झटका तब लगा, जब उस्मान को आउट करने के बाद रबाडा ने उसी ओवर में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए कैमरून ग्रीन को भी आउट कर दिया। वे तीन बॉल पर चार ही रन बना पाए थे। उस वक्त टीम का स्कोर 16 रन था। टीम का तीसरा विकेट भी जल्द ही गिर गया, जब मार्नस लाबुशेन केवल 17 रन बनाकर चलते बने। तब टीम का स्कोर 46 रन तक जा पहुंचा था। हालांकि इसके बाद स्टीव स्मिथ और ट्रेविस हेड ने टीम को इस संकट से बाहर निकालने की पूरी कोशिश की। 

उस्मान ख्वाजा ने इस लिस्ट में भी लिखवाया अपना नाम

इस बीच उस्मान ख्वाजा ने एक और खराब लिस्ट में अपना नाम दर्ज करा लिया। हालांकि गनीमत ये रही कि वे पहले नंबर पर नहीं पहुंचे। ऑस्ट्रेलिया के लिए ओपनिंग करते हुए सबसे ज्यादा बॉल खेलकर टेस्ट में शून्य पर आउट होने वाले बल्लेबाजों में अब उस्मान का नाम संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर आ गया है। इस मामले में पहले नंबर पर डेविड वार्नर का नाम आता है। वे साल 2022 में अपनी टीम के लिए पारी का आगाज करने आए थे, लेकिन 22 बॉल खेलकर ​जीरो पर आउट हो गए थे। शॉन मार्श साल 2017 में ओपनिंग करते हुए 21 बॉल पर शून्य पर आउट हो गए थे। साल 1888 में सैमी जोन्स ने 20 बॉल खेली और वे भी कोई रन नहीं बना पाए। अब उस्मान ने जोन्स की बराबरी कर ली है। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल