वर्ल्ड क्रिकेट में मौजूदा समय में किसी एक खिलाड़ी को लेकर चर्चा देखने को मिल रही है तो वह कोई और नहीं बल्कि भारतीय टीम में शामिल 15 साल के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी हैं। आयरलैंड के 2 मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू की उम्मीद सभी को थी लेकिन उन्हें मौका नहीं मिला। अब आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स टीम के हेड कोच कुमार संगकारा का वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ा बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने बताया कि वैभव पर आईपीएल की चकाचौंध और प्रसिद्धि का कोई असर क्यों नहीं पड़ता और वह दबाव में भी काफी सहज दिखते हैं। संगकारा ने आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी से जुड़े एक किस्से का भी खुलासा किया जिससे उनको इस युवा खिलाड़ी की प्रतिभा ने बिल्कुल हैरान करके रख दिया था, जहां उन्होंने एक मैच में बल्लेबाजी में जाने से पहले 13 छक्के लगाने का वादा करते हुए 10 सिक्स लगाए थे।
वैभव ने 13 छक्के लगाने का किया था वादा और 10 लगाए
कुमार संगकारा ने स्काई स्पोर्ट्स के एक शो में वैभव सूर्यवंशी को लेकर हो रही चर्चा के दौरान बताया कि आईपीएल 2026 सीजन में लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ मैच में हमें 220 रनों का टारगेट मिला था, जिसमें बल्लेबाजी में जाने से पहले वैभव मेरे पास और आंख मारकर कहा कि कोच, चिंता मत कीजिए। ये हो जाएगा। वहीं उन्होंने डग आउट में बैठे डोनोवन फरेरा और लुआन-ड्रे प्रीटोरियस से कहा सुनो मैं 13 छक्के मारूंगा। उसके बाद तुम लोग संभाल लेना। वैभव ने जब 5-6 छक्के लगा दिए थे तो उसके बाद फरेरा और प्रिटोरियस एक-दूसरे को देखकर हैरान थे। दोनों बाद में वैभव के हर छक्के की गिनती करने लगे कि कहीं वह सच में 13 छक्के ना लगा दे। आप उसकी इस बात से समझ सकते हैं कि इस बच्चे में कितना आत्मविश्वास है।
गुवाहाटी कैंप में आर्चर को कर दिया था हैरान
वैभव सूर्यवंशी को लेकर कुमार संगकारा ने राजस्थान रॉयल्स के 2 हफ्ते के गुवाहाटी कैंप का जिक्र करते हुए बताया कि जब मैं वहां पहुंचा तो एक छोटे साइड नेट पर जोफ्रा आर्चर और संदीप शर्मा नई गेंद से गेंदबाजी कर रहे थे और कोई भी बल्लेबाज उनके सामने खेलने के लिए तैयार नहीं था। उस समय वैभव सूर्यवंशी आगे बढ़कर आए और कहा कि मैं बल्लेबाजी करूंगा जिसमें उन्होंने आर्चर की तेज गति की गेंदों पर जिस तरह से शॉट खेले सभी को मजा आया था। इसी दौरान आर्चर एक मौके पर खुद हंस पड़े जिसमें वह भी हैरान थे कि उनकी इतनी तेज गति गेंदों को यह 15 साल का बल्लेबाज कितनी आसानी से खेल रहा है।
ये भी पढ़ें