1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया से जल्द आएगा बुलावा, दिग्गज क्रिकेटर की बड़ी भविष्यवाणी

वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया से जल्द आएगा बुलावा, दिग्गज क्रिकेटर की बड़ी भविष्यवाणी

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : May 30, 2026 10:12 am IST,  Updated : May 30, 2026 10:12 am IST

वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में जिस तरह की बल्लेबाजी की है, उसके बाद अब फैंस की नजरें सिलेक्टर्स पर टिकी होंगी। वैभव को अगर जल्द टीम इंडिया में मौका मिलता है, तो भारतीय क्रिकेट को एक नया सुपरस्टार मिल सकता है।

Vaibhav Sooryavanshi- India TV Hindi
वैभव सूर्यवंशी Image Source : PTI

IPL 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत को हैरान करने वाले वैभव सूर्यवंशी को लेकर अब टीम इंडिया में चयन की चर्चाएं तेज हो गई हैं। 15 साल की उम्र में दुनिया के दिग्गज गेंदबाजों के खिलाफ बेखौफ बल्लेबाजी करने वाले इस युवा बल्लेबाज को लेकर राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा ने बड़ा बयान दिया है। श्रीलंकाई दिग्गज का मानना है कि वैभव अब इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

राजस्थान रॉयल्स भले ही IPL 2026 के दूसरे क्वालिफायर में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई हो, लेकिन वैभव सूर्यवंशी का शानदार प्रदर्शन पूरे सीजन चर्चा का विषय बना रहा। 15 साल के बल्लेबाज ने IPL 2026 में 776 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 237.31 का रहा, जो उनकी असाधारण काबिलियत को दर्शाता है। अगर फाइनल में शुभमन गिल या साई सुदर्शन उनसे आगे नहीं निकलते हैं, तो वैभव इस सीजन के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज के रूप में भी फिनिश कर सकते हैं।

संगकारा ने किया बड़ा दावा

वैभव ने इस सीजन जसप्रीत बुमराह, कगिसो रबाडा और पैट कमिंस जैसे वर्ल्ड क्लास गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी की और साबित किया कि उनमें बड़े स्तर पर सफल होने की क्षमता है। पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर समेत कई दिग्गजों की तारीफ हासिल करने के बाद अब कुमार संगकारा ने भी संकेत दिया है कि वैभव इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए तैयार हैं।

संगकारा ने RR vs GT मैच के बाद कहा कि आप कभी नहीं जान सकते कि कोई खिलाड़ी तैयार है या नहीं, जब तक वह खेल नहीं लेता। लेकिन दुनिया के कुछ बेहतरीन गेंदबाजों के खिलाफ वैभव ने जो कुछ दिखाया है, उसे देखते हुए मुझे लगता है कि वह उससे कहीं ज्यादा तैयार है कि आप उसके सामने कोई भी चुनौती रख दें। उन्हें पूरा यकीन है कि उसे बहुत जल्द टीम इंडिया का बुलावा मिलेगा। उन्होंने आगे कहा कि उसने काफी परिपक्वता के साथ बल्लेबाजी की है। उसने इस सीजन हमारे लिए ओपनिंग साझेदारी की जिम्मेदारी को बेहतरीन तरीके से निभाया है।

आयरलैंड दौरे पर मिल सकता है डेब्यू का मौका

भारतीय टीम जून के आखिर में आयरलैंड दौरे पर T20 सीरीज खेलने वाली है। ऐसे में यह संभावना जताई जा रही है कि वैभव सूर्यवंशी को उसी दौरे पर इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू का मौका मिल सकता है। वैभव ने एलिमिनेटर मुकाबले में 29 गेंदों पर 97 रन की विस्फोटक पारी खेली थी, जबकि दूसरे क्वालिफायर में उन्होंने 47 गेंदों पर 96 रन बनाए। इन दोनों पारियों ने यह भी दिखाया कि वह सिर्फ आक्रामक बल्लेबाज ही नहीं, बल्कि परिस्थितियों के अनुसार अपनी बल्लेबाजी को ढालने की क्षमता भी रखते हैं।

यह भी पढ़ें:

VIDEO: राजस्थान रॉयल्स का सफर खत्म होते ही वैभव सूर्यवंशी की आंखें हुई नम, डग आउट में रोते हुए आए नजर

IPL फाइनल से पहले कगिसो रबाडा ने मारी बाजी, पर्पल कैप पर किया कब्जा, भुवी छूटे पीछे

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल