भारतीय टीम के उभरते 15 साल के खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को लेकर पूरे वर्ल्ड क्रिकेट में चर्चा देखने को मिल रही है, जिसके पीछे बड़ा कारण उनका आईपीएल में दिग्गज गेंदबाजों के खिलाफ बल्ले से बेखौफ अंदाज रहा है। वैभव ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के दम पर अब टीम इंडिया में भी अपने जगह बना ली है, जिसमें आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर होने वाली टी20 सीरीज के अलावा एशियन गेम्स 2026 के लिए स्क्वाड में जगह मिली है। आईपीएल 2026 में वैभव ने ऑरेंज कैप सहित 5 अवॉर्ड्स जीते थे, जिसमें फाइनल मुकाबले के बाद उनकी विराट कोहली से भी बातचीत हुई जिसको लेकर अब वैभव का एक वीडियो सामने आया है और उन्होंने कोहली से मिली सीख का खुलासा किया।
मैं विराट कोहली का बहुत बड़ा फैन हूं
वैभव सूर्यवंशी आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा हैं, जिसमें 19वें सीजन में उनकी टीम का सफर क्वालीफायर-2 मुकाबले में हार के साथ खत्म हो गया था। अब राजस्थान रॉयल्स की तरफ से वैभव का एक वीडियो पोस्ट किया गया है जिसमें वह टीम मैनेजर रोमी भिंडर के साथ बातचीत कर रहे हैं। इस दौरान वैभव ने कोहली से मुलाकात और उनसे बातचीत का भी जिक्र करते हुए बताया कि मैं पहले आरसीबी का फैन था क्योंकि मैं विराट कोहली का बहुत बड़ा फैन हूं। जब विराट भैया ने फाइनल मैच के बाद मेरे कंधे पर हाथ रख मुझसे बात की तो ऐसा लगा जैसे कोई सपना सच हो गया। जिस तरह से उन्होंने मुझसे बात की उस समय मुझे ऐसा रहा ही नहीं कि वह विराट कोहली हैं।
मुझसे बड़े भाई की तरह की बात
विराट कोहली से हुई बातचीत को लेकर वैभव सूर्यवंशी ने आगे कहा कि उन्होंने जिस तरह से मुझसे बात की तो ऐसा लगा कि वह एक बड़े भाई की तरह बात कर रहे हैं। उन्होंने मुझे बताया कि आगे क्या करना है और मेरा ध्यान किस चीज को लेकर सबसे ज्यादा होना चाहिए। बता दें कि इससे पहले आरसीबी ने विराट कोहली और वैभव सूर्यवंशी के बीच हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। वहीं वैभव अभी श्रीलंका में होने वाली ए टीम की वनडे ट्राई सीरीज में हिस्सा लेने के लिए टीम इंडिया के स्क्वाड के साथ वहां गए हुए हैं जहां पर उनके प्रदर्शन को लेकर सभी की नजरें रहने वाली हैं।
ये भी पढ़ें
कप्तान शुभमन गिल का टेस्ट में जलवा जारी, बल्लेबाजी औसत सिर्फ डॉन ब्रैडमैन से कम
VIDEO: टीम इंडिया का कप्तान बनने पर आया श्रेयस अय्यर का पहला बयान, कहा - मेरे लिए सम्मान की बात