Vibhav Suryavanshi: भारतीय क्रिकेट में एक खिलाड़ी बहुत तेजी से तरक्की की सीढ़ियां चढ़ रहा है। ये खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि बिहार से ताल्लुक रखने वाले 14 साल के वैभव सूर्यवंशी हैं। IPL में अपनी तूफानी बल्लेबाजी का लोहा मनवा चुके वैभव अब घरेलू क्रिकेट में अपने बल्ले से तबाही मचा हुए हैं। वैभव सूर्यवंशी अभी बिहार के लिए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 खेल रहे हैं। इस टूर्नामेंट में वैभव ने अपने तूफानी अंदाज में शानदार शतक ठोक दिया है। इस शतक के साथ ही युवा सलामी बल्लेबाज ने इतिहास रचते हुए रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी है।
14 साल की उम्र में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
बिहार और महाराष्ट्र के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने पारी का आगाज किया और धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए 58 गेंदों पर शतक ठोक दिया। उन्होंने 61 गेंदों पर 108 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें उन्होंने 7 चौके और 7 छक्के जड़े। इस तरह सूर्यवंशी के नाम बहुत बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।
दरअसल, वैभव सूर्यवंशी 14 साल की उम्र में तीन T20 सेंचुरी बनाने वाले दुनिया के पहले टीनएजर (13-19 साल) बन गए हैं। उन्होंने सिर्फ 16 T20 मैच खेलकर यह कारनामा किया। इससे पहले उन्होंने IPL 2025 में गुजरात टाइटंस और एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 में UAE के खिलाफ सैकड़ा जड़ने का कारनामा किया था।
टीनएजर के तौर पर सबसे ज्यादा T20 शतक
- 3* – वैभव सूर्यवंशी (16 इनिंग्स)
- 2 – गुस्ताव मैकियॉन (11 इनिंग्स)
- 2 – आयुष म्हात्रे (10 इनिंग्स)
सबसे युवा सेंचुरियन बने वैभव
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार की ओर खेलते हुए उनके बल्ले से निकला यह पहला शतक है। इसके साथ ही वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इतिहास में सबसे कम उम्र में शतक जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने 14 साल 250 दिन की उम्र में यह करिश्मा किया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड विजय जोल के नाम पर था, जिन्होंने 18 साल 118 दिन की उम्र में शतक जड़ा था।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इतिहास में सबसे कम उम्र में शतक जड़ने वाले बल्लेबाज
- 14 साल 250 दिन – वैभव सूर्यवंशी*
- 18 साल 118 दिन – विजय जोल
- 18 साल 135 दिन – आयुष म्हात्रे
- 18 साल 137 दिन – आयुष म्हात्रे
- 19 साल 25 दिन – शेख रशीद
वैभव सूर्यवंशी के तूफानी शतक के दम पर बिहार की टीम 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 176 रन स्कोरबोर्ड पर लगाने में सफल रही। महाराष्ट्र की ओर से आरएस हंगरगेकर, अर्शिन कुलकर्णी और विकी ओस्तवाल ने 1-1 विकेट झटका।
यह भी पढ़ें:
NZ vs WI: केन विलियमसन ने टेस्ट में कमबैक करते ही किया कमाल, दिग्गज हाशिम अमला को पछाड़ दिया
वर्ल्ड कप से डेढ़ महीने पहले ही टीम का हो गया ऐलान, 19 साल के गेंदबाज को बनाया गया कप्तान