Sunday, February 08, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वैभव सूर्यवंशी ने ध्वस्त कर दिया एबी डिविलियर्स का बड़ा कीर्तिमान, 10 साल बाद टूटा ये रिकॉर्ड

वैभव सूर्यवंशी ने ध्वस्त कर दिया एबी डिविलियर्स का बड़ा कीर्तिमान, 10 साल बाद टूटा ये रिकॉर्ड

Vaibhav Suryavanshi: वैभव सूर्यवंशी ने ऐसी धमाकेदार बल्लेबाजी की कि दस साल पहले बनाया गया एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड चकनाचूर हो गया। हालांकि वे अपने दोहरे शतक से केवल 10 रन से चूक गए।

Written By: Pankaj Mishra @pankajplmishra
Published : Dec 24, 2025 11:28 am IST, Updated : Dec 24, 2025 06:38 pm IST
vaibhav suryavanshi- India TV Hindi
Image Source : AP वैभव सूर्यवंशी

Vaibhav Suryavanshi Records: भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी जब अपनी लय में होते हैं तो कोई भी गेंदबाज उनके सामने टिक नहीं पाता। उनकी कोशिश होती है कि वे हर बॉल को बाउंड्री के बाहर भेजें। कई बार वे इसमें कामयाब होते हैं और कई बार असफल भी हो जाते हैं। अब विजय हजारे ट्रॉफी में वैभव सूर्यवंशी ने बड़ा कीर्तिमान बना दिया है। विजय हजारे ट्रॉफी वनडे फॉर्मेट पर होता है, इसलिए इसे लिस्ट ए क्रिकेट में गिना जाता है। इस बीच वैभव ने साउथ अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डिवि​लियर्स का करीब 10 साल पुराना कीर्तिमान चकनाचूर कर दिया है। 

वैभव ने केवल 36 बॉल पर ठोक दिया शतक 

विजय हजारे ट्रॉफी का आगाज हो चुका है। इसमें पहले दिन कई मुकाबले हैं, लेकिन यहां हम बात कर रहे हैं वैभव सूर्यवंशी की, जो इस टूर्नामेंट में बिहार के लिए खेल रहे हैं। बिहार और अरुणाचल प्रदेश की टीमें आमने सामने हैं। इस मैच में बिहार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। मैच शुरू होते ही वैभव सूर्यवंशी मैदान पर उतरे और धमाकेदार बल्लेबाजी शुरू कर दी। पहले उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद शतक भी बनाने में कामयाब हो गए। वैभव सूर्यवंशी ने केवल 36 बॉल पर शतक लगाकर तहलका सा मचा दिया। इसके बाद वे रुके नहीं और अपने दोहरे शतक की ओर बढ़ गए। 

ध्वस्त कर दिया एबी डिविलियर्स का लिस्ट ए का दस साल पुराना कीर्तिमान

​वैभव सूर्यवंशी अपना दोहरा शतक तो पूरा नहीं कर पाए, वे इससे केवल 10 रन से चूक गए। वैभव ने केवल 84 बॉल पर 190 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। इस दौरान उन्होंने 15 छक्के और 16 चौके लगाने का काम किया। भले ही वैभव डबल सेंचुरी पूरी ना कर पाए हों, लेकिन उन्होंने 150 रन बनाकर कमाल कर दिया। वैभव अब लिस्ट ए ​क्रिकेट में सबसे तेज डेढ़ सौ रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने एबी डि​विलियर्स का करीब 10 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया। डिविलियर्स ने ये रिकॉर्ड वनडे इंटरनेशनल मैच में बनाया था, वहीं वैभव का विजय हजारे में ये काम किया है, लेकिन दोनों की गिनती लिस्ट ए क्रिकेट में होती है।

एबी डिविलियर्स और जॉस बटलर एक साथ छूटे पीछे

ए​बी डिविलियर्स ने साल 2015 में वेस्टइंडीज के खिलाफ केवल 64 बॉल पर 150 रन ठोक दिए थे। वहीं इसके बाद साल 2022 में इंग्लैंड के जॉस बटलर ने नीदरलैंड्स के खिलाफ 65 बॉल पर डेढ़ सौ रन बनाए थे, लेकिन अब दोनों बल्लेबाज वैभव से पीछे हो गए हैं। वैभव सूर्यवंशी ने केवल 59 बॉल पर ही अपने 150 रन पूरे करने में कामयाबी हासिल कर ली। वैभव ने अपनी पारी के दौरान जो 190 रन बनाए हैं, उसमें से 154 रन तो केवल चौके और छक्कों से ही बना लिए। बाकी के लिए उन्होंने सिंगल और डबल में दौड़ लगाई। 

लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बने

इतना ही नहीं वैभव सूर्यवंशी लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। आज यानी 24 दिसंबर 2025 को जब वैभव ने ये शतक लगाया तो उनकी उम्र 14 साल और 272 दिन की है। इससे पहले साल 1986 में रेलवे के खिलाफ जहूर इलाही ने 15 साल और 209 दिन की उम्र में लिस्ट ए क्रिकेट में शतक लगाया था। लेकिन अब सबसे कम उम्र में लिस्ट ए शतक लगाने वाले बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी बन गए हैं। 

यह भी पढ़ें 

Mumbai vs Sikkim Live Score: रोहित शर्मा की बल्लेबाजी का इंतजार, सिक्कम बड़े स्कोर की ओर

Vijay Hazare Trophy LIVE Score: आंध्रा का स्कोर 100 रन के पार, दिल्ली को तीसरे विकेट की तलाश

Latest Cricket News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल

Advertisement

लाइव स्कोरकार्ड

Advertisement
Advertisement