भारतीय अंडर-19 टीम अभी जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेले जाने वाले आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने गई हुई है। टीम इंडिया को अपना पहला मैच ग्रुप-ए में यूएसए की टीम के खिलाफ 15 जनवरी को बुलवायो के मैदान पर खेलना है। इस मैच में सभी की नजरें एकबार फिर से भारतीय अंडर-19 टीम के स्टार ओपनिंग बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन पर टिकी रहने वाली है। पिछले एक साल में वैभव ने यूथ वनडे मैचों में जिस तरह से अपने बल्ले का कमाल दिखाया है उसकी चर्चा हर तरफ देखने को मिली है, ऐसे में वैभव से इस मेगा इवेंट में सभी को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। वहीं वैभव के पास यूएसए के खिलाफ होने वाले मुकाबले में 2 बड़े कारनामे करने का मौका भी रहने वाला है।
अभी तक वैभव सूर्यवंशी ने यूथ वनडे मैचों में 18 पारियों में बल्लेबाजी की है, जिसमें उन्होंने 54.05 के बेहतरीन औसत के साथ कुल 973 रन बनाए हैं। इस दौरान वैभव के बल्ले से तीन शतकीय और चार अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली हैं। वैभव यदि यूएसए के खिलाफ होने वाले अंडर-19 वर्ल्ड कप के मैच में 6 रन और बनाने में कामयाब हो जाते हैं तो वह भारत की तरफ से यूथ वनडे मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में विराट कोहली से आगे निकल जाएंगे। कोहली ने यूथ वनडे मैचों में कुल 28 मुकाबले खेले जिसमें उन्होंने 25 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 46.57 के बेहतरीन औसत के साथ कुल 978 रन बनाए थे, ऐसे में वैभव के पास उन्हें पीछे छोड़ने का शानदार मौका रहेगा।
वैभव सूर्यवंशी के पास यूएसए के खिलाफ मैच में बल्ले से एक और बड़ा कारनामा करने का मौका रहेगा, जिसमें उन्हें जहां अपने यूथ वनडे करियर में 1000 रनों का आंकड़ा पूरा करने के लिए 27 रनों की और दरकार है। वैभव यदि इस मुकाबले में ऐसा कर लेते हैं तो वह भारत की तरफ से यूथ वनडे में एक हजार रन पूरे करने वाले तीसरे सबसे तेज भारतीय बन जाएंगे। इस लिस्ट में पहले नंबर पर शुभमन गिल का नाम है जिन्होंने सिर्फ 13 पारियों में ये कारनामा किया था, तो वहीं दूसरे नंबर पर उनमुक्त चंद हैं जो 17 पारियों में ऐसा करने में कामयाब हुए थे। वहीं यूथ वनडे में हजार रन पूरे करने वाले वैभव 7वें भारतीय खिलाड़ी बनेंगे।
ये भी पढ़ें
U19 World Cup 2026: वैभव सूर्यवंशी खेलेंगे अंडर 19 विश्व कप, कितने बजे शुरू होगा भारत का मुकाबला
VIDEO: हवा में उड़ता चला गया स्टंप, फिर हर्षित राणा ने किसकी ओर देखकर किया ये इशारा
संपादक की पसंद