भारतीय अंडर-19 टीम इन दिनों इंग्लैंड में यूथ वनडे सीरीज खेल रही है। पांच मैचों की इस सीरीज का पांचवां और अंतिम मुकाबला वॉरसेस्टर में खेला जा रहा है। इस सीरीज में अब तक शानदार प्रदर्शन करने वाले वैभव सूर्यवंशी का बल्ला पांचवें मैच में नहीं चला। आखिरी वनडे मैच में वह सिर्फ 33 रन बनाकर आउट हुए। इस मैच से पहले वैभव सूर्यवंशी ने कहा था कि वह पांचवें मैच में दोहरा शतक लगाने की कोशिश करेंगे, लेकिन इस मैच में वह अपना वादा पूरा नहीं कर पाए।
पांचवें मैच से पहले वैभव सूर्यवंशी ने दिया था बड़ा बयान
सीरीज के चौथे मैच में वैभव सूर्यवंशी ने 52 गेंदों में शतक पूरा करके इतिहास रच दिया था। उस मैच के बाद उन्होंने कहा कि मुझे पता ही नहीं था कि मैंने कोई रिकॉर्ड बना दिया है। हमारे जो टीम मैनेजर हैं उन्होंने इसके बारे में मुझे बताया। मैं थोड़ा और लंबा बल्लेबाजी कर सकता था। मेरे पास काफी समय था क्योंकि मैच में 20 ओवर बचे हुए थे। मैंने एक ऐसा शॉट खेला जिस पर मेरा पूरा नियंत्रण नहीं था और मैं आउट हो गया। 50 ओवर के क्रिकेट में दोहरा शतक लगाना मेरा अगला लक्ष्य है।
भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे इस मैच की बात करें तो वहां टीम इंडिया बैकफुट पर नजर आ रही है। 40 ओवर का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम 7 विकेट के नुकसान पर 152 रन बना चुकी है। वैभव के अलावा राहुक कुमार (21), हरवंश पांगलिया (24) कनिष्क चौहान (24) को भी अच्छी शुरुआत मिली, लेकिन इनमें से कोई भी क्रीज पर टिक कर बैटिंग नहीं कर पाया। अब यहां से देखना ये होगा कि भारतीय टीम इंग्लैंड के सामने कितना बड़ा टारगेट सेट करती है।
यूथ वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं वैभव
वैभव अब तक इस दौरे पर पांच पारियों में 100 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से 355 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 30 चौके और 29 छक्के लगाए हैं। वैभव फिलहाल इस सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। यूथ वनडे सीरीज के बाद दोनों टीमों के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। वहां भी वैभव इसी फॉर्म को जारी रखना चाहेंगे।
यह भी पढ़ें:
इंग्लैंड का सबसे बड़ा खिलाड़ी सुपर फ्लॉप, अंग्रेजों के लिए खड़ी हुई नई मुसीबत
दिल्ली प्रीमियर लीग 2025 में खेलेंगे 'कोहली' और 'सहवाग', ऑक्शन में मिले इतने लाख रुपए