इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में अभी तक सबसे ज्यादा सुर्खियां 15 साल के बाएं हाथ के ओपनिंग बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने बटोरी हैं। आईपीएल के पिछले सीजन में जब वैभव सूर्यवंशी ने डेब्यू किया था तो उसमें उन्होंने 7 मैचों में खेलते हुए 36 के औसत से 252 रन बनाए थे। अब अपने करियर के दूसरे आईपीएल सीजन की भी शुरुआत वैभव सूर्यवंशी ने काफी धमाकेदार अंदाज में की है, जिसमें उन्होंने तीन मुकाबलों में खेलते हुए 40.67 के औसत से 122 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में जसप्रीत बुमराह के खिलाफ जब 2 छक्के लगाए तो उसके बाद उनको लेकर पूरे वर्ल्ड क्रिकेट में चर्चा देखने को मिल रही है। अब डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ होने वाले 10 अप्रैल को मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी कैसा प्रदर्शन करते हैं इसको लेकर सभी की नजरें रहने वाली हैं।
वैभव का ऐसा रहा है आरसीबी के खिलाफ रिकॉर्ड
आईपीएल में वैभव सूर्यवंशी का रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम के खिलाफ रिकॉर्ड देखा जाए तो उसमें उन्होंने पिछले सीजन जब डेब्यू किया था तो एक मुकाबला खेलने का मौका मिला था। इस मैच में वैभव सूर्यवंशी बड़ी पारी खेलने में कामयाब नहीं हो सके थे, जिसमें उन्होंने 12 गेंदों का सामना करते हुए 16 रनों की पारी खेली थी और उसके बाद वह भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में बोल्ड होकर पवेलियन लौट गए थे। वैभव सूर्यवंशी ने अपनी इस छोटी सी पारी के दौरान कुल 2 छक्के लगाए थे और उनका स्ट्राइक रेट 133.33 का देखने को मिला। ये वैभव सूर्यवंशी के आईपीएल करियर का सिर्फ दूसरा मुकाबला था, जिसके बाद उन्होंने उस सीजन में 5 और मुकाबले खेले थे और उसमें एक शतकीय और अर्धशतकीय पारी खेलने में कामयाब रहे थे। अब वैभव पहले के मुकाबले काफी अधिक परिपक्व नजर आ रहे हैं, जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम के खिलाफ होने वाले इस मैच में उनसे सभी को बड़ी पारी की उम्मीद है।
गुवाहाटी के स्टेडियम में ऐसा रहा वैभव का प्रदर्शन
राजस्थान रॉयल्स टीम का आईपीएल में दूसरा होम ग्राउंड गुवाहाटी का बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम जहां पर उन्हें 10 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम के खिलाफ मुकाबला खेलना है, उस स्टेडियम में वैभव सूर्यवंशी का रिकॉर्ड देखा जाए तो वह अब तक बेहतर देखने को मिला है। वैभव सूर्यवंशी ने इस स्टेडियम में कुल 2 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 45.50 के औसत से 91 रन बनाए हैं, जिसमें वह एक अर्धशतकीय पारी खेलने में कामयाब रहे हैं। वहीं चौके-छक्कों का रिकॉर्ड देखा जाए तो वैभव ने कुल 10 छक्के लगाने के साथ 5 चौके लगाए हैं।
ये भी पढ़ें
फिन एलन का कैच आया विवादों के घेरे में, OUT या Not Out को लेकर छिड़ी बहस; देखें VIDEO