Virat Kohli Injury Update: RCB vs LSG मैच से पहले फैंस विराट कोहली को लेकर टेंशन में थे। पिछले मैच में चोटिल होने के बाद इस मैच में उनके खेलने पर संशय बना हुआ था। लेकिन लखनऊ के खिलाफ मैच में विराट कोहली इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर बल्लेबाजी करने आए और वहां अपना इम्पैक्ट डाला। वह 34 बॉल में छह चौके और एक छक्के की मदद से 49 रन बनाकर आउट हुए। लेकिन जिस अंदाज में उन्होंने बल्लेबाजी की उसको देखकर सभी को ये लगा कि वह इस मैच में खेलने के लिए पूरी तरह फिट थे। लेकिन मैच खत्म होने के बाद विराट ने बताया कि वह इस मैच में खेलने के लिए 100% फिट नहीं थे।
इंजरी को लेकर विराट ने क्या कहा?
LSG के खिलाफ मैच के बाद विराट ने ब्रॉडकास्टर्स से बातचीत की। इस दौरान उनसे इंजरी को लेकर सवाल पूछा गया। इसका जवाब देते हुए विराट ने कहा कि पिछले मैच से कहीं ज्यादा अच्छा फील कर रहा हूं। मैं अभी भी 100% फिट नहीं हूं। पिछले मैच में मेरे घुटने में थोड़ी तकलीफ थी। सेहत के लिहाज से भी, मैं पिछले चार-पांच दिनों से थोड़ा बीमार महसूस कर रहा हूं। ऐसे में इस वक्त मैं बस अपनी पुरानी लय में वापस आने की कोशिश में लगा हुआ हूं। आज मैंने अच्छी शुरुआत की, इसलिए मैं अपनी एनर्जी लेवल से खुश था।
ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे निकले विराट
अपनी पारी को लेकर विराट ने कहा कि मैं चाहता था कि अपनी पारी को आगे तक ले जाऊं और मैच को खत्म करूं। कभी-कभी आपको मैदान की स्थितियों को भी ध्यान में रखना पड़ता है। पिच काफी धीमी हो गई थी और मैं शायद उसी अंदाज में खेलना जारी रखना चाहता था। लेकिन हां आखिर में मुझे शायद इस मैच को भी खत्म करना चाहिए था। पिच को लेकर उन्होंने कहा कि पिछले 3-4 दिन यहां बहुत गर्म रहे हैं। पिच बहुत सुखी हुई थी। इसलिए हमारा प्लान था कि पहले पांच-छह ओवरों में ही मैच पर अपनी पकड़ बना लें और सामने वाली टीम को गेम से बाहर कर दें। इन्हीं कारणों से, पावरप्ले में तेज बैटिंग करना जरूरी था। मैं इस बात से खुश हूं कि मैं अपनी टीम को बढ़त दिलाने में कामयाब रहा। आपको बता दें कि विराट कोहली इस पारी के बाद ऑरेंज कैप की रेस में 228 रन के साथ टॉप पर पहुंच गए हैं।
यह भी पढ़ें
LSG ने ये क्या किया? फ्लॉप खिलाड़ी को बना दिया कप्तान, इस सीजन हर मैच में रहा है फ्लॉप
MI vs PBKS: क्या पंजाब किंग्स का विजय रथ रोक पाएगी मुंबई? आईपीएल में अब तक बराबरी की है टक्कर