1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs NZ मैच में कोहली लगा सकते हैं रिकॉर्ड्स की झड़ी, सचिन समेत 3 दिग्गजों का ध्वस्त होगा कीर्तिमान

IND vs NZ मैच में कोहली लगा सकते हैं रिकॉर्ड्स की झड़ी, सचिन समेत 3 दिग्गजों का ध्वस्त होगा कीर्तिमान

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Mar 01, 2025 12:00 pm IST,  Updated : Mar 01, 2025 12:10 pm IST

IND vs NZ: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत और न्यूजीलैंड के बीच 2 मार्च को दुबई में मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में विराट कोहली की नजरें बड़ी पारी खेलने पर लगी होंगी।

Virat Kohli- India TV Hindi
विराट कोहली Image Source : AP

Virat Kohli, ICC Champions Trophy: भारत और न्यूजीलैंड चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में एक-दूसरे का सामना करने के लिए तैयार हैं। दोनों टीमें 2 मार्च को दुबई में लगातार तीसरी जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेंगी। भारत और न्यूजीलैंड पहले ही सेमीफाइनल का टिकट कटा चुकी हैं। ऐसे में दोनों टीमों की नजरें टूर्नामेंट में जीत की हैट्रिक लगाने पर होंगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि कौन सी टीम बाजी मारने में सफल होती है। भारत-न्यूजीलैंड मैच में स्टार बल्लेबाज विराट कोहली पर सभी की नजरें टिकी होंगी। विराट कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ शानदार शतक जड़ा था और टीम इंडिया को 6 विकेट से जीत दिलाई थी। कोहली 100 रन बनाकर नाबाद लौटे थे। अब फैंस को विराट से न्यूजीलैंड के खिलाफ भी बड़ी पारी की उम्मीद होगी।

कोहली के बल्ले से निकल रहे रन

विराट कोहली ने ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में 2 मैचों में एक शतक की बदौलत 122 रन बनाए हैं और टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामलें में 7वें पायदान पर हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ कोहली अगर अर्धशतक जड़ने में कामयाब रहते हैं, तो एक साथ कई दिग्गजों को पछाड़ देंगे। बता दें, कोहली के नाम चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में 6 अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है। एक अर्धशतक जड़ते ही वह शिखर धवन, राहुल द्रविड़ और पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को पछाड़ते हुए चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में सबसे ज्यादा अर्धशतक जड़ने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे। 

चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज

  • शिखर धवन- 6
  • सौरव गांगुली- 6
  • विराट कोहली- 6
  • राहुल द्रविड़- 6
  • जो रूट- 5

कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ 51 रन बनाते ही शिखर धवन को पीछे छोड़ते हुए चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। इस दौरान वह कुमार संगकारा, जैक कैलिस और सौरव गांगुली से भी आगे निकल जाएंगे। फिलहाल कोहली के नाम चैंपियंस ट्रॉफी के 15 मैचों की 14 पारियों में 651 रन है। 

चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज

  • क्रिस गेल- 791
  • महेला जयवर्धने- 742
  • शिखर धवन- 701
  • कुमार संगकारा- 683
  • सौरव गांगुली- 665
  • जैक कैलिस- 653
  • विराट कोहली- 651

गौरतलब है कि विराट और सचिन दोनों ने ही ICC व्हाइट-बॉल टूर्नामेंट में 23-23 अर्धशतक जड़े हैं। विराट एक अर्धशतक लगाते ही सचिन तेंदुलकर का ICC व्हाइट-बॉल टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा अर्धशतक जड़ने का बड़ा कीर्तिमान ध्वस्त कर देंगे। 

ICC व्हाइट-बॉल टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा अर्धशतक

  • सचिन तेंदुलकर- 23
  • विराट कोहली- 23
  • रोहित शर्मा- 18
  • कुमार संगकारा- 17
  • रिकी पोंटिंग- 16

यह भी पढ़ें:

IND vs NZ: टीवी और मोबाइल पर कैसे देख पाएंगे भारत-न्यूजीलैंड चैंपियंस ट्रॉफी मैच, फ्री में ऐसे उठा पाएंगे लुत्फ

रोहित शर्मा के नाम होगा महाकीर्तिमान, ऐसा करते ही एबी डिविलियर्स छूट जाएंगे पीछे

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल