1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारत की जीत में सबसे बड़े हीरो साबित हुए 2 प्लेयर्स, गेंद और बल्ले से अफ्रीका को किया पस्त

भारत की जीत में सबसे बड़े हीरो साबित हुए 2 प्लेयर्स, गेंद और बल्ले से अफ्रीका को किया पस्त

 Published : Nov 30, 2025 10:26 pm IST,  Updated : Nov 30, 2025 10:28 pm IST

भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ रांची में हुआ पहला वनडे मुकाबला जीत लिया। टीम इंडिया के लिए विराट कोहली और कुलदीप यादव ने दमदार प्रदर्शन किया।

virat kohli- India TV Hindi
कुलदीप यादव और विराट कोहली Image Source : AP

भारतीय टीम ने पहले वनडे मैच में साउथ अफ्रीकी टीम को 17 रनों हरा दिया। इस मैच में भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 349 रन बनाए। इसके बाद अफ्रीकी टीम 332 रनों पर सिमट गई और इस तरह से टीम इंडिया को आखिरी ओवर में जीत मिल गई। भारतीय टीम के लिए मैच में विराट कोहली ने बल्ले से कमाल दिखाते हुए शतक लगाया। वहीं कुलदीप यादव ने गेंदबाजी करते हुए चार विकेट हासिल किए। ये खिलाड़ी टीम की जीत में सबसे बड़े हीरो साबित हुए। इनकी वजह से ही भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।

विराट कोहली ने लगाया दमदार शतक

साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी, जब यशस्वी जायसवाल सिर्फ 18 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद तीसरे नंबर पर उतरे विराट कोहली ने सधी हुई बल्लेबाजी की और सिर्फ 102 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया। इसके बाद जैसे ही उनका शतक पूरा हुआ। उसके बाद उन्होंने ताबड़तोड़ बैटिंग की। कोहली ने मैच में 120 गेंदों में कुल 135 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 7 छक्के लगाए। उनकी पारी की वजह से ही भारतीय टीम मैच में 349 रनों का बड़ा स्कोर बना पाई।

कुलदीप यादव ने झटके चार विकेट

इसके बाद गेंदबाजी में कुलदीप यादव ने कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजों को बांधे रखा और 10 ओवर में चार विकेट चटकाए। कुलदीप ने मैथ्यू ब्रीजट्के, टोनी डी जोर्जी, मार्को यानसन और प्रेनेलन सुब्रायेन के विकेट झटके। इसके बाद हर्षित राणा ने तीन विकेट झटके।

भारत ने जीता मैच

भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच आखिरी ओवर में जीत लिया। पहले टीम इंडिया ने बैटिंग करते हुए 349 रनों का हिमालय जितना बड़ा स्कोर बनाया। विराट कोहली के अलावा टीम के लिए रोहित शर्मा और केएल राहुल ने अर्धशतक लगाए। रोहित ने 51 गेंदों में 57 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और तीन छक्के लगाए। वहीं राहुल ने 60 रनों की पारी खेली। इसके बाद भारतीय बॉलर्स ने भी अच्छा खेल दिखाया।

यह भी पढ़ें:

टीम इंडिया ने जीत के साथ किया वनडे सीरीज का आगाज, पहले मैच में साउथ अफ्रीका को 17 रन से हराया

विराट कोहली-रोहित शर्मा की जोड़ी ने कर दिया कमाल, वनडे में 20वीं बार किया ये कारनामा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल