वेस्टइंडीज की टीम को 8 अगस्त से घर पर पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है। इससे पहले दोनों टीमों के बीच हाल में ही तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली गई थी, जिसमें विंडीज टीम को 2-1 से हार का सामना करना पड़ा था। अब वनडे सीरीज में उनकी नजरें वापसी करते हुए सीरीज को अपने नाम पर करने की होगी। क्रिकेट वेस्टइंडीज ने आगामी वनडे सीरीज को लेकर अपनी 15 सदस्यीय स्क्वाड का ऐलान कर दिया है, जिसमें कप्तानी की जिम्मेदारी शाई होप संभालते हुए नजर आएंगे।
रोमारियो शेफर्ड की हुई वनडे स्क्वाड में वापसी
पाकिस्तान के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज को लेकर क्रिकेट वेस्टइंडीज की तरफ से घोषित किए गए स्क्वाड को लेकर बात की जाए तो उसमें पिछले साल दिसंबर के महीने में वनडे मुकाबला खेलने वाले तेज गेंदबाज रोमारियो शेफर्ड की टीम में वापसी हुई है। वहीं तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ के वर्कलोड को मैनेज करने के लिए उनको इस वनडे सीरीज से भी आराम दिए जाने का फैसला लिया गया है। साल 2027 के वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए वेस्टइंडीज की कोशिश एक मजबूत टीम तैयार करने की है।
शेफर्ड के अलावा वनडे सीरीज में केसी कार्टी, रोस्टन चेज और अमीर जंगू को भी जगह मिली है। दोनों टीमों के बीच वनडे सीरीज के सभी मुकाबले त्रिनिडाड के ब्रायन लारा क्रिकेट एकेडमी में खेले जाएंगे, जिसमें पहला मैच जहां 8 अगस्त को होगा तो वहीं दूसरा और तीसरा वनडे मैच 10 और 12 अगस्त को दोनों टीमों के बीच खेला जाएगा।
यहां पर देखिए पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए वेस्टइंडीज टीम का स्क्वाड
शाई होप (कप्तान), ज्वेल एंड्रयू, जेडिया ब्लेड्स, केसी कार्टी, रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, जस्टिन ग्रीव्स, अमीर जंगू, शमर जोसेफ, ब्रैंडन किंग, एविन लुईस, गुडाकेश मोती, शेरफेन रदरफोर्ड, जायडन सील्स, रोमारियो शेफर्ड।
घर पर पाकिस्तान के खिलाफ ऐसा रहा है वेस्टइंडीज का रिकॉर्ड
विंडीज टीम का घर पर पाकिस्तान के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में रिकॉर्ड देखा जाए तो उसमें दोनों टीमों के बीच कुल 33 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें वेस्टइंडीज की टीम 16 मैच जीतने में कामयाब हुई है तो वहीं पाकिस्तान की टीम 15 मैच अपने नाम को कर चुकी है, वहीं 2 मैच टाई पर खत्म हुए हैं।
ये भी पढ़ें
शुभमन गिल और बेन स्टोक्स फिर आमने सामने, आईसीसी अवार्ड के लिए टक्कर
मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा का आईसीसी रैंकिंग में जलवा, इतनी लंबी मार दी छलांग