West Indies Squad: वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 12 जून से होने वाला है। ये टूर्नामेंट इंग्लैंड की मेजबानी में खेला जाएगा। इस अहम टूर्नामेंट के लिए सभी टीमें जमकर अपनी तैयारी कर रही हैं। इस टी20 वर्ल्ड कप से पहले वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया महिला टीमों के बीच तीन मैचों की टी20 खेली जाएगी। इस सीरीज के लिए मेजबान वेस्टइंडीज ने अपने स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। वेस्टइंडीज महिला टीम अक्टूबर 2023 के बाद पहली बार किसी इंटरनेशनल मैच में ऑस्ट्रेलिया की टीम का सामना करेगी।
हेली मैथ्यूज को मिली है कप्तानी
वेस्टइंडीज महिला टीम ने हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज खेली थी और वहां उन्हें 2-0 से हार का सामना करना पड़ा था। हार के बावजूद वेस्टइंडीज ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी घरेलू T20I सीरीज के लिए अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है। इस टी20 सीरीज के लिए हेली मैथ्यूज को विंडीज महिला टीम की कप्तानी सौंपी गई है। मैथ्यूज इस टीम की सबसे अनुभवी प्लेयर्स में से एक हैं। वह अब तक अपने करियर में 102 वनडे और 115 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुकी हैं और उनके पास कुल मिलाकर 217 मैचों का अनुभव है।
सीरीज के लिए अनुभवी और युवा प्लेयर्स को दिया गया है मौका
मैथ्यूज के अलावा विंडीज की टीम में स्टेफनी टेलर, शेमेन कैंपबेल और डिएंड्रा डॉटिन जैसे अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं। इसके साथ ही एबोनी ब्रैथवेट और जहजारा क्लैक्सटन जैसी युवा प्लेयर्स को भी इस सीरीज में मौका दिया है। इस सीरीज के जरिए दोनों ही टीमें आगामी टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी तैयारियों को और भी पुख्ता करना चाहेंगी।
19 मार्च को खेला जाएगा पहला टी20 मैच
दोनों टीमों के बीच सीरीज का पहला T20I 19 मार्च को खेला जाएगा, इसके बाद अगले दो मैच 21 और 23 मार्च को खेले जाएंगे। तीनों मैच किंग्स्टन के आर्नोस वेल क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। T20I मैचों के बाद, दोनों टीमें सेंट किट्स और नेविस के वार्नर पार्क में तीन मैचों की ODI सीरीज में आमने-सामने होंगी। इस दौरे में एक टेस्ट मैच भी खेला जाना था, लेकिन इसे हटा दिया गया क्योंकि मेजबान टीम T20 वर्ल्ड कप से पहले व्हाइट-बॉल क्रिकेट को प्राथमिकता देना चाहती थी।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ T20I सीरीज के लिए वेस्टइंडीज महिला टीम का स्क्वॉड
हेली मैथ्यूज (कप्तान), चिनेले हेनरी, आलिया एलेने, एबोनी ब्रैथवेट, शेमाइन कैंपबेल, जहजारा क्लैक्सटन, डिएंड्रा डॉटिन, अफी फ्लेचर, जैनिलिया ग्लासगो, शॉनिशा, हेक्टर, ज़ैदा जेम्स, कियाना जोसेफ, मैंडी मंगरू, करिश्मा रामहरैक, स्टैफनी टेलर
यह भी पढ़ें
काव्या मारन ने खरीदा पाकिस्तानी स्पिनर, तो मच गया बवाल, भारतीय फैंस भड़के
SRH की मालकिन काव्या मारन ने खरीदा पाकिस्तानी खिलाड़ी, ऑक्शन में लुटाए 2.34 करोड़ रुपये