Kavya Maran buys Abrar Ahmed: इंग्लैंड की 100 बॉल की लीग द हंड्रेड 2026 के पहले ऑक्शन में सनराइजर्स लीड्स ने जैसे ही पाकिस्तानी खिलाड़ी को खरीदा, तो सोशल मीडिया पर बवाल मच गया है। दरअसल, सनराइजर्स लीड्स का कनेक्शन IPL टीम सनराइजर्स हैदराबाद यानी SRH से है। दोनों फ्रैंचाइजी का स्वामित्व काव्या मारन के सन टीवी नेटवर्क ग्रुप के पास है। यही वजह है कि सनराइजर्स लीड्स फ्रेंचाइजी ने पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर अबरार अहमद को अपनी टीम में शामिल किया, तो कई भारतीय फैंस ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की। बता दें, 27 साल के अहमद लेग स्पिनर हैं, जिन्होंने पाकिस्तान के लिए 46 टेस्ट, 28 ODI और 52 T20I खेले हैं।
पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद को सनराइजर्स लीड्स ने 1,90,000 पाउंड यानी करीब 2.3 करोड़ रुपये में खरीद लिया। इस डील के साथ अबरार द हंड्रेड में किसी भारतीय स्वामित्व वाली फ्रेंचाइजी द्वारा खरीदे जाने वाले पहले पाकिस्तानी खिलाड़ी बन गए। ऑक्शन के दौरान सनराइजर्स लीड्स और ट्रेंट रॉकेट्स के बीच अबरार को लेकर जबरदस्त बोली लगी, लेकिन अंत में सनराइजर्स ने बाजी मारी। अबरार का बेस प्राइस 75,000 पाउंड था, लेकिन बोली बढ़ते-बढ़ते लगभग ढाई गुना तक पहुंच गई। हालांकि, इस फैसले के बाद सोशल मीडिया कई भारतीय फैंस ने नाराजगी जताई। फैंस ने SRH पर सवाल उठाते हुए अबरार अहमद के पुराने वीडियो और फोटो शेयर किए हैं।
कुछ यूजर्स ने एशिया कप के दौरान अबरार के जश्न और भारतीय खिलाड़ियों पर किए गए तंज को याद करते हुए फ्रेंचाइजी की आलोचना की। वहीं, कुछ लोगों ने यह भी कहा कि इंग्लिश मीडिया द्वारा पहले फैलाए गए उन दावों को यह फैसला गलत साबित करता है, जिनमें कहा गया था कि IPL से जुड़े मालिक पाकिस्तानी खिलाड़ियों को नहीं खरीदेंगे।
दरअसल, ऑक्शन से पहले यह चर्चा थी कि IPL से जुड़ी फ्रेंचाइजी द हंड्रेड में पाकिस्तानी खिलाड़ियों से दूरी बनाए रखेंगी। गौरतलब है कि 2009 के बाद से IPL में कोई भी पाकिस्तानी खिलाड़ी नहीं खेला है और दुनिया की अन्य फ्रेंचाइजी लीगों में भी IPL मालिकों की टीमें अक्सर पाकिस्तानी खिलाड़ियों को साइन करने से बचती रही हैं।
यह भी पढ़ें
टी20 विश्व कप 2026 के बाद कैसी है आईसीसी की रैंकिंग, अब सामने आई टीमों की पूरी तस्वीर
टीम इंडिया अब कब खेलेगी अगला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला, सामने आ गई ये तारीख
संपादक की पसंद