भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला मैनचेस्टर में खेला जाएगा। इस मैदान पर टीम इंडिया का रिकॉर्ड बेहद खराब रहा है। इस वेन्यू पर भारतीय टीम अभी तक एक भी मैच नहीं जीत पाई है। भारतीय टीम ने इस मैदान पर आखिरी मैच साल 2014 में खेला था, जहां उन्हें एक पारी और 54 रन से हार का सामना करना पड़ा था। उस मुकाबले में बल्लेबाजी से लेकर गेंदबाजी तक सभी डिपार्टमेंट में टीम इंडिया के खिलाड़ी फ्लॉप रहे थे। उस मैच में क्या सब हुआ था आइए हम आपको बताते हैं।
भारतीय टीम के 6 बल्लेबाज पहली पारी में 0 पर हुए थे आउट
इस मैच में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, जो पूरी तरह से गलत साबित हुआ। पहली पारी में भारतीय टीम 152 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। भारत की तरफ से विराट कोहली समेत 6 बल्लेबाज ऐसे थे, जो बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए थे। मुरली विजय, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, रवींद्र जडेजा, भुवनेश्वर कुमार और पंकज सिंह डक पर आउट हुए थे। उस पारी में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज एमएस धोनी थे, उन्होंने 133 गेंदों में 71 रन बनाए थे। उनके अलावा आर अश्विन के बल्ले से 42 गेंदों पर 40 रन आए थे। वहीं रहाणे ने 52 गेंदों में 24 रनों की पारी खेली थी।
जो रूट ने बनाए थे इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा रन
भारत की पहली पारी के जवाब में इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 367 रन बनाए थे। इंग्लैंड की तरफ से जो रूट ने सबसे ज्यादा रन बनाए थे। उन्होंने 161 गेंदों में सात चौकों की मदद से 77 रन बनाए थे। उनके अलावा जोस बटलर ने 130 गेंदों में 70 रन का योगदान दिया था। इयान बेल में भी 58 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली थी। भारत के लिए गेंदबाजी में वरुण आरोन और भुवनेश्वर कुमार ने 3-3 विकेट निकाले थे। आपको बता दें कि इस मैच में भारत और इंग्लैंड की तरफ से एक भी बल्लेबाज शतक लगाने में कामयाब नहीं हो पाया था।
दूसरी पारी में भी फ्लॉप रहे भारतीय बल्लेबाज
दूसरी पारी में भी भारत की बैटिंग बेहद खराब रही थी। दूसरी इनिंग में टीम इंडिया की पारी 161 रन पर सिमट गई। इस बार भारत के लिए सबसे ज्यादा रन आर अश्विन ने बनाए थे। उन्होंने 56 गेंदों में 5 चौके और 1 छक्के की मदद से 46 रनों की पारी खेली। एमएस धोनी ने इस पारी में 27 रन का योगदान दिया। उनके अलावा मुरली विजय और गौतम गंभीर ने 18-18 रन बनाए। इस पारी में पंकज सिंह डक पर आउट हुए थे। दोनों पारी को मिलाकर भारत के कुल 7 बल्लेबाज बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए थे, जिसमें पंकज सिंह का नाम दो बार शामिल है। दूसरी पारी में इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा विकेट मोईन अली ने लिए। उन्होंने 39 रन देकर 4 विकेट झटके, उनके अलावा जेम्स एंडरसन और क्रिस वोक्स को 2-2 विकेट मिला। स्टुअर्ट ब्रॉड चोटिल होने की वजह से दूसरी पारी में गेंदबाजी नहीं कर पाए।
यह भी पढ़ें
IND vs ENG: ऋषभ पंत के पास नंबर 1 बनने का मौका, इतने रन बनाते ही छोड़ देंगे रोहित को पीछे
IND vs ENG: अब शुरू होगी गिल की असली परीक्षा, पूर्व कप्तान ने चौथे से टेस्ट से पहले दिया बड़ा बयान