भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला 23 जुलाई से मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच का इंतजार फैंस बेसब्री के साथ कर रहे हैं। इस सीरीज में टीम इंडिया फिलहाल 1-2 से पीछे है। ऐसे में भारतीय टीम मैनचेस्टर में खेले जाने वाले टेस्ट मैच को जीतकर सीरीज में बराबरी करना चाहेगी। आगामी टेस्ट मैच में टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के पास एक खास रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका होगा। वह अब WTC में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं।
रोहित शर्मा को पीछे छोड़ सकते हैं ऋषभ पंत
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज इस वक्त रोहित शर्मा हैं। हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने वाले रोहित ने WTC में 40 मैचों में 2716 रन बनाए थे। वहीं दूसरे नंबर पर ऋषभ पंत का नाम है। पंत ने अब तक 37 मैचों में 2677 रन बनाए हैं। उनको रोहित से आगे निकलने के लिए 40 रन की जरूरत है। अगर पंत मैनचेस्टर में खेले जाने वाले टेस्ट मैच में 39 रन बनाते हैं तो वह रोहित शर्मा की बराबरी कर लेंगे। वहीं 40 रन बनाते ही वह रोहित से आगे निकल जाएंगे।
WTC में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाजों की बात करें तो वहां तीसरे नंबर पर पूर्व दिग्गज टेस्ट बल्लेबाज विराट कोहली का नाम है। उन्होंने 46 मैचों में 2617 रन बनाए थे। चौथे नंबर पर टीम इंडिया के मौजूदा टेस्ट कप्तान शुभमन गिल का नाम है। गिल ने WTC में अब तक 35 मैचों में 2500 रन बनाए हैं। पांचवें नंबर पर दिग्गज ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा का नाम है। जडेजा ने 42 WTC मैचों में 2212 रन बनाए हैं।
WTC में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज
- रोहित शर्मा: 2716 रन (40 मैच)
- ऋषभ पंत: 2677 रन (37 मैच)
- विराट कोहली: 2617 रन (46 मैच)
- शुभमन गिल: 2500 रन (35 मैच)
- रवींद्र जडेजा: 2212 रन (42 मैच)
इंग्लैंड के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज में ऋषभ पंत का प्रदर्शन
ऋषभ पंत की बात करें तो इंग्लैंड के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने इस सीरीज में अब तक तीन मैचों की छह पारियों में 70.83 के औसत से 425 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 78.41 का रहा है। पंत इस सीरीज में अब तक 2 शतक और 2 अर्धशतक लगा चुके हैं और उनका हाईएस्ट स्कोर 134 रन है। वहीं WTC में अब तक पंत ने 66 पारियों में 43.17 के औसत से 2677 रन बनाए हैं। वहां उनके नाम 6 शतक और 15 अर्धशतक दर्ज हैं और उनका हाईएस्ट स्कोर 146 रन है।
यह भी पढ़ें
IND vs ENG: अब शुरू होगी गिल की असली परीक्षा, पूर्व कप्तान ने चौथे से टेस्ट से पहले दिया बड़ा बयान
इंग्लैंड में 17 साल के गेंदबाज ने हैट्रिक लेकर मचाई सनसनी, 4 ओवर में ही आधी टीम को भेजा पवेलियन