Vaibhav Sooryavanshi: सिर्फ 15 साल की उम्र में IPL 2026 में धमाल मचाने वाले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर क्रिकेट जगत में जबरदस्त चर्चा हो रही है। लगातार शानदार प्रदर्शन के बाद फैंस और कई पूर्व क्रिकेटर मांग कर रहे हैं कि इस युवा स्टार को जल्द से जल्द टीम इंडिया में मौका दिया जाए। अब इस पूरे मामले पर भारत के चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने बड़ा बयान दिया है। भारत-अफगानिस्तान सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान करते समय प्रेस कॉन्फ्रेंस में अगरकर से पूछा गया कि क्या वैभव सूर्यवंशी जल्द टीम इंडिया के लिए खेलते नजर आ सकते हैं? इस सवाल के जवाब में उन्होंने युवा बल्लेबाज की जमकर तारीफ की, लेकिन साथ ही साफ कर दिया कि फिलहाल यशस्वी जायसवाल टीम की प्राथमिकता हैं।
अगरकर ने वैभव को बताया शानदार
अगरकर ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी ने शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन हमें यशस्वी जायसवाल को भी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने भी लगातार बेहतरीन खेल दिखाया है। वैभव का इंडिया ए टीम तक पहुंचना बड़ी उपलब्धि है और उम्मीद है कि वह वहां भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे। दरअसल, वैभव सूर्यवंशी को श्रीलंका में होने वाली ट्राई सीरीज के लिए इंडिया ए टीम में चुना गया है। इसे उनके करियर का बड़ा कदम माना जा रहा है। सिलेक्टर्स का मानना है कि इंडिया ए में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद उनके लिए सीनियर टीम के दरवाजे खुल सकते हैं।
IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए वैभव ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया। कम उम्र में जिस तरह उन्होंने बड़े गेंदबाजों के खिलाफ आत्मविश्वास दिखाया, उसने उन्हें भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा सितारा बना दिया है।
अगले महीने खेला जाएगा मुकाबला
भारत और अफगानिस्तान के बीच 6 जून से होने वाला टेस्ट मुकाबला भी काफी अहम माना जा रहा है। पिछले साल घरेलू मैदान पर साउथ अफ्रीका से 0-2 की हार के बाद यह भारत का पहला टेस्ट मैच होगा। हालांकि, यह मुकाबला वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं है, लेकिन आगे श्रीलंका और न्यूजीलैंड के कठिन दौरे को देखते हुए टीम के लिए काफी महत्वपूर्ण रहेगा। भारत और अफगानिस्तान के बीच अब तक सिर्फ एक टेस्ट मैच खेला गया है। 2018 में बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए उस मुकाबले में भारत ने पारी और 262 रन से बड़ी जीत दर्ज की थी।
यह भी पढ़ें:
ऋषभ पंत की ODI टीम से छुट्टी, टेस्ट में भी हुआ डिमोशन, ईशान किशन की 32 महीने बाद वापसी