1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. केकेआर के जबड़े से जीत छीनने वाले कौन हैं 21 साल के मुकुल चौधरी, LSG ने 2.60 करोड़ रुपये में बनाया था अपना हिस्सा

केकेआर के जबड़े से जीत छीनने वाले कौन हैं 21 साल के मुकुल चौधरी, LSG ने 2.60 करोड़ रुपये में बनाया था अपना हिस्सा

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Apr 09, 2026 11:46 pm IST,  Updated : Apr 09, 2026 11:58 pm IST

KKR vs LSG: आईपीएल 2026 में 15वां लीग मुकाबले का अंत काफी रोमांचक देखने को मिला, जिसमें लखनऊ सुपर जाएंट्स ने आखिरी गेंद पर जीत हासिल की। एलएसजी को इस मैच में जिताने में 21 साल के युवा खिलाड़ी मुकुल चौधरी ने बल्ले से अहम भूमिका अदा की।

Mukul Choudhary- India TV Hindi
मुकुल चौधरी Image Source : AFP

आईपीएल 2026 सीजन के लिए प्लेयर ऑक्शन में जब लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम ने बाकी फ्रेंचाइजियों को पीछे छोड़ते हुए 21 साल के मुकुल चौधरी के लिए 2.60 करोड़ रुपये खर्च कर दिए थे, तो उस समय सभी को थोड़ी हैरानी जरूर हुई थी। इस सीजन के शुरुआती दो मैचों में मुकुल चौधरी बल्ले से कोई खास कमाल दिखाने में कामयाब नहीं हो सके थे। इसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में कहानी पूरी तरह से पलट गई और मुकुल चौधरी ने ये साबित किया कि आखिर क्यों एलएसजी ने उनको लेने के लिए इतनी बड़ी रकम को खर्च कर दिया। केकेआर के खिलाफ मैच में एक समय लखनऊ सुपर जाएंट्स टीम की हार तय दिख रही थी, जब उन्होंने 182 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए 16वें ओवर में सिर्फ 128 के स्कोर पर अपना 7वां विकेट गंवा दिया था। यहां से मुकुल चौधरी ने जिस तरह से पूरे मैच को पलटा और सिर्फ 27 गेंदों में 7 चौके और 2 छक्कों की मदद से 54 रनों की नाबाद पारी खेलने के साथ लखनऊ सुपर जाएंट्स को जीत दिलाकर वापस लौटे उसकी तारीफ हर जगह देखने को मिल रही है।

पिता के सपने को मुकुल कर रहे हैं पूरा

राजस्थान के झुंझुनू से आने वाले 21 साल के मुकुल चौधरी को लेकर बात की जाए तो उनके पिता का सपना था कि उनका बेटा एक बड़ा क्रिकेट खिलाड़ी बने। मुकुल ने इसका खुलासा एक इंटरव्यू के दौरान किया था जिसमें उन्होंने बताया था कि उन्होंने अपनी मां से कहानियां सुनी हैं कि उनके पिता क्रिकेट के काफी दीवाने थे जिसमें मेरे जन्म से पहले ही वह चाहते थे कि उनका बेटा एक क्रिकेटर बने। हालांकि मुझे शुरुआत में थोड़ी आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा, लेकिन मेरे पिता ने मुझे क्रिकेटर बनाने का हर संभव प्रयास किया और जो भी चीजें जरूरी थी वह सभी उपलब्ध कराई। बता दें कि मुकुल चौधरी बचपन से टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एमएस धोनी के काफी बड़े फैन हैं।

मुकुल चौधरी ने 7 छक्के लगाने के साथ की ड्वेन ब्रावो की बराबरी

कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अपनी पारी में 7 छक्के लगाने वाले मुकुल चौधरी ने आईपीएल में ड्वेन ब्रावो के एक बड़े रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। मुकुल चौधरी अब आईपीएल में ड्वेन ब्रावो के अलावा सिर्फ दूसरे ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं जो नंबर-7 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए सफल रन चेज में 7 छक्के लगाने में कामयाब हुए हैं। इससे पहले ड्वेन ब्रावो ने साल 2018 में ये कारनामा सीएसके की तरफ से खेलते हुए मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में किया था।

ये भी पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी का कैसा है डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी के खिलाफ रिकॉर्ड, पिछली बार लगा पाए थे सिर्फ इतने SIX

फिन एलन का कैच आया विवादों के घेरे में, OUT या Not Out को लेकर छिड़ी बहस; देखें VIDEO

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल