Highlights
- भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जानी है वन डे और टी20 सीरीज
- वन डे सीरीज के लिए टीम का ऐलान, शिखर धवन बनाए हैं कप्तान
- टी20 सीरीज के लिए आज किया जा सकता है भारतीय टीम का ऐलान
WI vs IND : टीम इंडिया इस वक्त इंग्लैंड के दौरे पर है। टेस्ट मैच और टी20 सीरीज के बाद अब वन डे सीरीज खेली जा रही है, इसका पहला मैच हो भी गया है, जिसमें भारतीय टीम ने इंग्लैंड को दस विकेट से करारी मात दी है। अभी सीरीज के दो मैच बाकी हैं। इस सीरीज के बाद भारतीय टीम को वेस्टइंडीज के दौरे पर जाना है, जहां पहले वन डे सीरीज खेली जाएगी और उसके बाद टी20 मैच होंगे। वन डे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है, वहीं टी20 सीरीज के लिए अभी तक नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि आज यानी गुरुवार को वन डे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया जाएगा। लेकिन इससे पहले सूत्रों के हवाले से बड़ी और अहम खबर निकलकर सामने आ रही है।
वन डे सीरीज से विराट कोहली, रोहित शर्मा जसप्रीत बुमराह, ऋषभ पंत को मिला है आराम
वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली वन डे सीरीज के लिए तो टीम इंडिया का ऐलान पहले ही कर दिया गया है। इस टीम का कप्तान शिखर धवन को बनाया गया है। रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ियों को वन डे सीरीज से रेस्ट दिया गया है। इस बीच खबरें इस तरह की निकलकर सामने आ रही हैं कि टी20 सीरीज में भी पूर्व कप्तान विराट कोहली शामिल नहीं किए जाएंगे, वे रेस्ट करेंगे। इतना ही नहीं जसप्रीत बुमराह भी इस सीरीज के लिए आराम कर सकते हैं। टी20 सीरीज के बाद एशिया कप 2022 का आयोजन किया जाना है, माना जा रहा है कि ये खिलाड़ी उसमें खेलेंगे, लेकिन उससे पहले रेस्ट करेंगे और तैयारी भी करते रहेंगे। हालांकि कप्तान रोहित शर्मा टी20 सीरीज का हिस्सा होंगे और लगातार खेलते हुए भी नजर आएंगे।
बीसीसीआई की ओर से आज जारी की जाएगी पूरी टीम
वेस्टइंडीज सीरीज के लिए टीम इंडिया के ऐलान का इंतजार करीब दो दिन से किया जा रहा है। लेकिन अभी तक टीम सामने नहीं आई है। पूर्व कप्तान इंग्लैंड के साथ चल रही वन डे सीरीज का हिस्सा हैं, लेकिन चोट के कारण वे पहला मैच नहीं खेल पाए थे, इसके बाद माना जा रहा है कि आज सीरीज का जो दूसरा मैच होना है, उसमें भी वे शायद न ही खेल पाएं। बताया जा रहा है कि यही कारण था कि टीम इंडिया का ऐलान नहीं किया जा सका था, लेकिन अब टीम करीब करीब तय कर ली गई है और सेलेक्टर्स की ओर से किसी भी वक्त इसका ऐलान संभव है। विराट कोहली खेलेंगे या नहीं, जसप्रीत बुमराह को क्या आराम दिया जाएगा, इसका जवाब पक्के तौर पर तो तभी मिलेगा, जब बीसीसीआई की ओर से पूरी टीम सामने आ जाएगी। अगर कुछ और बड़े खिलाड़ियों को इस सीरीज से आराम दिया जाता है तो कुछ युवा खिलाड़ियों के लिए मौका होगा कि वे टीम में अपनी जगह बना सकते हैं।