वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तहत लगातार मुकाबले खेले जा रहे हैं। सभी टीमें एक दूसरे को पछाड़ने की होड़ में लगी हैं। भारत और वेस्टइंडीज के बीच जो सीरीज जारी है, वो भी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत ही खेली जा रही है। भारत ने भले ही पहला टेस्ट जीत लिया हो और इसके बाद हो सकता है कि दूसरा मुकाबला भी जीत जाए, लेकिन टीम को बहुत ज्यादा फायदा मिलता हुआ नजर नहीं आ रहा है। टीम इंडिया इस वक्त टॉप 2 से बाहर चल रही है।
ऑस्ट्रेलियाई टीम डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में पहले नंबर पर
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की ताजा अंक तालिका पर नजर डालें तो यहां ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले नंबर पर चल रही है। ऑस्ट्रेलिया ने अब तक इस चक्र में तीन टेस्ट मैच खेले हैं और सभी में जीत दर्ज की है। ऑस्ट्रेलिया के पास जहां इस वक्त 36 अंक हैं, वहीं पीसीटी 100 का है। इसके बाद दूसरे नंबर पर श्रीलंकाई टीम चल रही है। श्रीलंका ने दो टेस्ट खेलकर एक मैच अपने नाम किया है और एक मैच ड्रॉ पर छूटा है। टीम के पास अभी 16 अंक हैं, साथ ही 66.670 का पीसीटी भी है। इसके बाद टीम इंडिया का नंबर आता है।
टीम इंडिया इस वक्त अंक तालिका में तीसरे नंबर पर
भारतीय टीम ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपिनशिप में अब तक 6 मुकाबले खेलकर उसमें से तीन जीते हैं और दो में हार का भी सामना करना पड़ा है। टीम का एक मुकाबला ड्रॉ रहा है। इस तरह से टीम के पास अंक तो अब 40 हो गए हैं, लेकिन पीसीटी की बात की जाए तो वे अभी 55.56 का चल रहा है। ये ताजा अंक तालिका है, यानी वेस्टइंडीज को पहले टेस्ट में हराने के बाद भारत का पीसीटी इतना हुआ है।
वेस्टइंडीज से दूसरा टेस्ट जीतने के बाद कितना होगा पीसीटी
अब जरा समझते है कि अगर भारतीय टीम सीरीज का दूसरा मुकाबला भी जीत जाती है तो उसका पीसीटी कितना हो जाएगा। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दूसरा मुकाबला 10 अक्टूबर से खेला जाएगा। इस मैच को अगर टीम इंडिया ने जीत लिया तो पीसीटी बढ़कर 61.90 तक पहुंच जाएगा। जिसे आप 62 भी मान सकते हैं, लेकिन इसके बाद भी टीम तीसरे ही नंबर पर रहेगी, यानी श्रीलंका को पीछे नहीं छोड़ पाएगी। ये सीरीज का आखिरी मैच होगा। इसके बाद टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया चली जाएगी, जहां टेस्ट मैच नहीं हैं, यानी इसी पीसीटी पर टीम को अभी इंतजार करना होगा।
यह भी पढ़ें
टीम इंडिया में वापसी का इंतजार कर रहा ये खिलाड़ी, बीसीसीआई ने तो भुला दिया!
IND vs WI: दूसरे टेस्ट से पहले उठ गया दिल्ली की पिच से पर्दा, जानिए किसको मिलेगा फायदा