1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. यशस्वी जायसवाल ने रचा इतिहास, पहली बार आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में कारनामा

यशस्वी जायसवाल ने रचा इतिहास, पहली बार आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में कारनामा

 Published : Mar 06, 2024 02:41 pm IST,  Updated : Mar 06, 2024 02:41 pm IST

यशस्वी जायसवाल आईसीसी की ओर से जारी की गई टेस्ट रैंकिंग में टॉप 10 में अपनी जगह बनाने में कामयाब हो गए हैं। उधर रोहित शर्मा को भी दो स्थानों का फायदा हुआ है।

yashasvi jaiswal- India TV Hindi
यशस्वी जायसवाल ने रचा इतिहास, पहली बार आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में कारनामा Image Source : GETTY

Yashasvi Jaiswal ICC Test Rankings : टीम इंडिया के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल इस वक्त गजब के फार्म में हैं। लगभगर हर पारी में उनके बल्ले से रन निकल रहे हैं। यही कारण है कि वे आईसीसी की टेस्ट रैंकिंग में भी आगे बढ़ते चले जा रहे हैं। इस बीच जायसवाल ने आईसीसी की टेस्ट रैंकिंग में अपनी ऑलटाइम हाई रैंकिंग हासिल कर ली है। वे अपने कप्तान रोहित शर्मा से तो आगे पहले ही निकल गए थे, अब उनकी टॉप 10 में शानदार एंट्री हुई है। 

आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में दसवें नंबर पर पहुंचे जायसवाल 

इंग्लैंड के खिलाफ यशस्वी जायसवाल खूब रन बना रहे हैं। इसी सीरीज का आखिरी मैच 7 मार्च से धर्मशाला में खेला जाएगा। इसमें भी उनके निशाने पर कई बड़े कीर्तिमान और रिकॉर्ड रहने वाले हैं। इस बीच मैच से एक दिन पहले ही यशस्वी जायसवाल ने आईसीसी की ओर से जारी की गई टेस्ट रैंकिंग में टॉप 10 में प्रवेश कर लिया है। वे इस वक्त नंबर दस पर हैं। इससे पहले जब पिछले सप्ताह आईसीसी की ओर से रैंकिंग जारी की गई थी, तब उनकी रेटिंग 727 ​की थी और वे 12वें नंबर पर थे। इस बीच उन्होंने टेस्ट तो नहीं खेला, इसलिए उनकी रेटिंग में कोई असर नहीं पड़ा है। यानी वो अभी भी 727 की है, लेकिन बाकी बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन का फायदा जायसवाल को मिला है और वे सीधे दसवें नंबर के खिलाड़ी बन गए हैं। ये जायसवाल की ऑलटाइम हाई रैंकिंग भी है। रोहित शर्मा को उन्होंने पिछले सप्ताह ही पीछे छोड़ दिया था। 

रोहित शर्मा को भी दो स्थानों का हुआ फायदा 

यशस्वी जायसवाल को जहां दो स्थानों का फायदा मिला है, वहीं रोहित शर्मा भी दो स्थानों की छलांग लगाकर 13वें से 11वें स्थान पर पहुंच गए हैं। उनकी रेटिंग अब 720 की है। जब आखिरी टेस्ट में धर्मशाला के मैदान पर ये दोनों खिलाड़ी फिर से साथ साथ खेलने के लिए उतरेंगे तो उसके बाद की रैंकिंग में क्या बदलाव आता है, ये देखना दिलचस्प होगा। इस बीच रोहित और जायसवाल ने पिछले सप्ताह से कोई टेस्ट नहीं खेला है। लेकिन ऑस्ट्रेलिया बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन का फायदा उन्हें मिला है। ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड अब एक स्थान के नुकसान के साथ 12वें स्थान पर पहुंच गए हैं। उनकी रेटिंग 718 की है, वहीं मार्नस लाबुशेन को तो 5 स्थानों का नुकसान हुआ है। वे 707 की रेटिंग के साथ इस वक्त 13वें नंबर पर हैं। इसी का फायदा रोहित और यशस्वी को मिला है। 

धर्मशाला में कई रिकॉर्ड बना सकते हैं जायसवाल 

जायसवाल ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में 80 रन की पारी खेली थी। इसके दूसरे टेस्ट में उन्होंने 209 रन ठोक दिए। वहीं सीरीज के तीसरे मैच में उनके बल्ले से 214 रनों की नाबाद पारी खेली। यानी वे रनों की संख्या में लगातार इजाफा करते चले जा रहे हैं। अब 7 मार्च से धर्मशाला में शुरू हो रहे आखिरी टेस्ट में दुनियाभर की नजरें उन पर होने वाली हैं, जहां वे कुछ और नए नए कीर्तिमान अपने नाम करने के बिल्कुल मुहाने पर खड़े हैं। 

इंडिया टीवी पर खेल की ये खबरें भी पढ़ें 

ICC Rankings : टेस्ट रैंकिंग में भयंकर उलटफेर, स्टीव स्मिथ से छिनी कुर्सी, विराट कोहली को बिना खेले फायदा

भारत बनाम इंग्लैंड आखिरी टेस्ट से एक दिन पहले प्लेइंग इलेवन का ऐलान, टीम में केवल 1 बदलाव

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल