Team India: भारतीय टीम के खिलाड़ी अभी रेस्ट पर हैं। इंग्लैंड सीरीज समाप्त होने के बाद अब टीम सीधे एशिया कप के लिए ही मैदान में उतरेगी। टीम में कौन से खिलाड़ी होंगे और कौन से नहीं, इसको लेकर अब कुछ कुछ तस्वीर साफ होने लगी है। हालांकि पक्की मोहर तो तभी लगेगी, जब बीसीसीआई की सेलेक्शन कमेटी टीम का ऐलान कर देगी।
यशस्वी जायसवाल को बैठना पड़ सकता है बाहर
एशिया कप के लिए टीम इंडिया का ऐलान जब होगा, तब होगा, लेकिन अभी जो खबरें निकलकर सामने आ रही हैं, उससे पता चलता है कि यशस्वी जायसवाल को इस बार एशिया कप की टीम में मौका मिलना मुश्किल है, जो टी20 फॉर्मेट पर खेला जाएगा। जायसवाल ने अगस्त 2023 में अपना टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था और उसके बाद अपना आखिरी मुकाबला जुलाई 2024 में खेला था। यानी उन्हें पिछला मुकाबला खेले हुए करीब एक साल हो गया है, लेकिन उनकी वापसी टी20 टीम में नहीं हो पा रही है।
ऐसा रहा है टी20 इंटरनेशनल में जायसवाल का प्रदर्शन
भारत के लिए अब तक 23 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके जायसवाल ने 723 रन बनाए हैं। उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतक जमाने का काम किया है। टी20 इंटरनेशनल में जायसवाल का औसत 36.15 का है। वे यहां 164.31 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर रहे हैं। इसके बाद भी उनका नंबर टी20 टीम में नहीं आ पा रहा है। हालांकि टेस्ट के लिए वे नियमित खिलाड़ी हैं। यशस्वी ने अब तक अपने करियर में केवल एक ही वनडे मैच खेल पाया है। यहां भी उन्हें बाकी मैच खेलने का इंतजार है।
ओपनिंग के लिए टीम इंडिया में पहले ही तीन दावेदार
दरअसल जायसवाल एक ओपनर हैं। एशिया कप के लिए जो टीम चुने जाने की संभावना है, उसमें अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है, तीसरे ओपनर के तौर पर संजू सैमसन का भी नाम आ रहा है। ऐसे में इस बात की संभावना कम है कि इन तीन के रहते यशस्वी जायसवाल को ओपनिंग का मौका मिल पाए। ऐसे में उन्हें ले जाने का भी कोई मतलब नहीं रहता। हालांकि ये तो अभी अटकलें हैं, देखना होगा कि बीसीसीआई की ओर से एशिया कप में किसे मौका दिया जाता है।