1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. CSK vs PBKS Who Won Yesterday's IPL Match: चेन्नई पर भारी पड़ी चहल की हैट्रिक, पंजाब ने दर्ज की 4 विकेट से जीत

CSK vs PBKS Who Won Yesterday's IPL Match: चेन्नई पर भारी पड़ी चहल की हैट्रिक, पंजाब ने दर्ज की 4 विकेट से जीत

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Apr 30, 2025 11:42 pm IST,  Updated : May 01, 2025 06:20 am IST

आईपीएल 2025 का 49वां मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला गया। जहां पंजाब की टीम ने एक रोमांचक जीत दर्ज की। इस हार के साथ ही चेन्नई की टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है।

CSK vs PBKS- India TV Hindi
CSK vs PBKS Image Source : PTI

चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच आईपीएल 2025 का 49वां मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले को पंजाब किंग्स ने 4 विकेट से अपने नाम किया। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.2 ओवर में 190 रन पर ऑलआउट हो गई। चेन्नई की ओर से सैम करन ने सबसे ज्यादा 88 रन बनाए। वहीं पंजाब किंग्स के लिए युजवेंद्र चहल ने हैट्रिक के साथ चार विकेट लिए। वहीं पंजाब किंग्स ने इस स्कोर को बेहद आसानी से 4 विकेट रहते हासिल कर लिया। पंजाब के तरफ से प्रभसिमरन और श्रेयस अय्यर ने शानदार पारी खेली।

सैम करन ने खेली शानदार पारी 

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए शेख रशीद और आयुष म्हात्रे ने एक बार फिर पारी की शुरुआत की। चेन्नई को पहला झटका तीसरे ओवर में लगा जब रशीद 12 गेंदों में एक चौके और एक छक्के की मदद से 11 रन बनाकर कैच आउट हो गए। आयुष म्हात्रे भी कुछ कमाल नहीं कर पाए और 6 गेंदों में 7 रन बनाकर 22 के स्कोर पर आउट हुए। नंबर 4 पर आए रवींद्र जडेजा ने आते ही कुछ अच्छे शॉट्स लगाकर रन गति को बढ़ाने की कोशिश की लेकिन वो जल्द ही आउट हो गए। जडेजा ने 12 गेंदों में चार चौकों की मदद से 17 रनों की पारी खेली। पावरप्ले में तीन विकेट गंवाने के बाद सैम करन ने चेन्नई की पारी को संभाला। करन ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की और अपना अर्धशतक पूरा किया। एक समय ऐसा लग रहा था कि शतक जड़ देंगे लेकिन वह 18वें ओवर में आउट हो गए और उन्होंने 47 गेंदों में 88 रन बनाए, जिसमें नौ चौके और चार छक्के शामिल रहे।

चहल ने अपने करियर की दूसरी हैट्रिक ली

सैम करन के आउट होते ही चेन्नई की पारी ताश की पत्तों की तरह बिखर गई। चेन्नई की पारी का 19वां ओवर डालने आए युजवेंद्र चहल ने हैट्रिक समेत चार विकेट झटके। चहल ने सबसे पहले एमएस धोनी को आउट किया, जो 4 गेंदों में 11 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद, अपने ओवर की अंतिम तीन गेंदों पर दीपक हुड्डा, अंशुल कंबोज और नूर अहमद को आउट कर हैट्रिक पूरी की। यह आईपीएल में चहल की दूसरी हैट्रिक थी। उनकी ये हैट्रिक सैम करन की पारी पर भारी पड़ी।

प्रभसिमरन सिंह और श्रेयस अय्यर ने लगाया अर्धशतक

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत भी अच्छी रही। सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह ने पहले विकेट के लिए 44 रन जोड़े। चेन्नई को पहली सफलता खलील अहमद ने दिलाई, उन्होंने प्रियांश आर्या को आउट किया। वह 15 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए प्रभसिमरन सिंह और कप्तान श्रेयस अय्यर के बीच दूसरे विकेट के लिए 72 रनों की पार्टनरशिप हुई। प्रभसिमरन 36 गेंदों में 54 रन बनाकर आउट हुए। उसके बाद बल्लेबाजी करने आए नेहाल वढेरा भी 3 गेंदों में 5 रन बनाकर चलते बने।

एक छोर से विकेट गिरते रहने के बावजूद श्रेयस अय्यर ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी जारी रखी। वह 41 गेंदों में 72 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने पांच चौके और चार छक्के लगाए। अय्यर की इस पारी ने मैच को एकतरफा बना दिया। अय्यर के अलावा शशांक सिंह ने 23 रन का योगदान दिया। पंजाब की तरफ से विनिंग शॉट मार्को जेनसेन ने लगाया। चेन्नई की तरफ से खलील अहमद और मथिसा पथिराना ने 2-2 विकेट लिए।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल