जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम ने श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की वनडे सीरीज के लिए 16 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम में सबसे बड़ी खबर दिग्गज बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर की वापसी है। टेलर सितंबर 2021 में आयरलैंड के खिलाफ आखिरी बार 50 ओवर फॉर्मेट में खेले थे और करीब चार साल बाद वापसी कर रहे हैं। श्रीलंका और जिम्बाब्वे के बीच 2 ODI मैच 29 और 31 अगस्त को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जाएंगे। टेलर के अलावा जिम्बाब्वे की तेज गेंदबाजी यूनिट को भी मजबूती मिली है, क्योंकि रिचर्ड नगारावा चोट से उबरकर लौट आए हैं और उनके साथ ब्लेसिंग मुजाराबानी भी टीम का हिस्सा हैं।
इस सीरीज के लिए जिम्बाब्वे की टीम में चार नए खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है। इनमें क्लाइव मडांडे, टोनी मुनयोंगा, ब्रैड इवांस और अनकैप्ड तेज गेंदबाज अर्नेस्ट मसुकु शामिल हैं। टीम की कमान अनुभवी क्रेग एर्विन संभालेंगे।
10 हजार रन से सिर्फ 11 रन दूर
एर्विन ने कहा कि रेड-बॉल क्रिकेट से व्हाइट-बॉल क्रिकेट में शिफ्ट करना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है, खासकर श्रीलंका जैसी टीम के खिलाफ। हमें लचीला रहना होगा, अपनी योजनाओं पर भरोसा करना होगा और घरेलू परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाना होगा। ब्रेंडन टेलर इंटरनेशनल क्रिकेट में 9900 से ज्यादा रन बना चुके हैं। 11 रन बनाते ही वह इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 10 हजार रन पूरे कर लेंगे।
टीम को सतर्क रहने की सलाह
टीम के हेड कोच जस्टिन सैमन्स ने कहा कि हम अभी कठिन रेड-बॉल सीरीज खेलकर आए हैं और अब हमें ODI क्रिकेट की गति और तीव्रता के साथ तालमेल बिठाना होगा। श्रीलंका एक मजबूत व्हाइट-बॉल टीम है और किसी भी कमजोरी का फायदा उठा सकती है। हमें शुरुआत से ही सतर्क रहना होगा। उन्होंने आगे कहा कि हर खिलाड़ी को अपनी भूमिका स्पष्ट रूप से समझनी होगी। अगर ऐसा हुआ तो टीम श्रीलंका जैसी अनुशासित टीम के खिलाफ भी मजबूत चुनौती पेश करेगी।
श्रीलंका के खिलाफ ODI सीरीज के लिए जिम्बाब्वे टीम: क्रेग एर्विन (कप्तान), ब्रायन बेनेट, जोनाथन कैंपबेल, बेन कर्रन, ब्रैड इवांस, ट्रेवर ग्वांडु, वेस्ली मढेवेरे, क्लाइव मडांडे, अर्नेस्ट मसुकु, टोनी मुनयोंगा, ब्लेसिंग मुजाराबानी, रिचर्ड नगारावा, न्यूमैन न्यामहुरी, सिकंदर रजा, ब्रेंडन टेलर, सीन विलियम्स।