जिम्बाब्वे अक्टूबर में अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट और तीन T20 इंटरनेशनल मैचों की मेजबानी करेगा। यह सीरीज मूल रूप से निर्धारित कार्यक्रम (एफटीपी) के तहत दो टेस्ट, तीन वनडे और तीन T20I मैचों की थी, लेकिन अब इसे घटाकर केवल चार मुकाबलों तक सीमित कर दिया गया है। सभी मैच हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जाएंगे, जहां चार साल बाद कोई टेस्ट मुकाबला आयोजित किया जाएगा। गौरतलब है कि जिम्बाब्वे ने अपने पिछले नौ घरेलू टेस्ट बुलावायो में खेले हैं और इन सभी में उसे हार का सामना करना पड़ा है।
20 अक्टूबर से टेस्ट मैच का आगाज
2021 से 2025 के बीच जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान के बीच कुल चार टेस्ट मैच खेले गए हैं, जिनमें जिम्बाब्वे को एक जीत, दो हार और एक ड्रॉ मिला है। दोनों टीमों की आखिरी भिड़ंत 2024-25 की सर्दियों में हुई थी, जहां अफगानिस्तान ने टेस्ट सीरीज 1-0 से अपने नाम की थी। इसके अलावा अफगानिस्तान ने T20 सीरीज 2-1 और वनडे सीरीज 2-0 से जीती थी।
अक्टूबर 20 से 24 तक होने वाला यह एकमात्र टेस्ट मुकाबला, 2025 में जिम्बाब्वे का 10वां टेस्ट होगा जो कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं है। पहले 2025 में 11 टेस्ट खेलने का कार्यक्रम था, लेकिन सूत्रों के अनुसार दूसरा टेस्ट और वनडे मुकाबले अब 2026 में खेले जाएंगे। तीन T20 इंटरनेशनल मैच 29 और 31 अक्टूबर तथा 2 नवंबर को होंगे।
T20 वर्ल्ड कप 2026 पर टीम का फोकस
जिम्बाब्वे क्रिकेट ने टी20 प्रारूप को प्राथमिकता देने का फैसला किया है, ताकि टीम 2026 में भारत और श्रीलंका में होने वाले T20 वर्ल्ड कप के लिए अच्छी तैयारी कर सके। वर्तमान में अफ्रीका रीजनल क्वालिफायर चल रहा है, और यदि जिम्बाब्वे गुरुवार को केन्या को हरा देता है, तो वह T20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई कर लेगा। जिम्बाब्वे 2024 T20 वर्ल्ड कप में जगह नहीं बना पाया था। उसे क्वालिफायर में युगांडा से हार मिली थी। हाल के सालों में वह केवल 2022 T20 वर्ल्ड कप में ही खेल सका है, जहां टीम सुपर 12 तक पहुंची थी।
अगर जिम्बाब्वे 2026 T20 वर्ल्ड कप में अपना स्थान पक्का कर लेता है, तो अतिरिक्त इंटरनेशनल मुकाबलों के लिए अन्य टीमों से संपर्क कर सकता है। नवंबर 2025 से अप्रैल 2026 के बीच जिम्बाब्वे के कार्यक्रम में कोई इंटरनेशनल मैच नहीं है। इस दौरान अधिकांश फुल मेंबर टीमें व्यस्त होंगी, ऐसे में जिम्बाब्वे नामीबिया, नीदरलैंड्स और नेपाल जैसी टीमों के साथ मुकाबले की संभावनाएं तलाश कर सकता है। T20 फॉर्मेट में इस साल की शुरुआत में लगातार 5 हार के बाद जिम्बाब्वे ने वापसी करते हुए पिछले 9 में से 6 मैच जीते हैं।
यह भी पढ़ें:
भारतीय महिला टीम भी नहीं मिलाएगी पाकिस्तान से हाथ, ना होगा फोटोशूट; BCCI ने कर दिया सब साफ
वर्ल्ड क्रिकेट में पहली बार हुआ ऐसा, World Cup मेजबान ICC सदस्य देश ने दिवालियापन के लिए किया आवेदन