1. Hindi News
  2. खेल
  3. आईपीएल 2018
  4. IND vs AFG: अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच में श्रेयस अय्यर ले सकते हैं विराट कोहली की जगह

IND vs AFG: अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच में श्रेयस अय्यर ले सकते हैं विराट कोहली की जगह

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : May 08, 2018 04:25 pm IST,  Updated : May 08, 2018 04:25 pm IST

विराट कोहली की जगह लेने को तैयार है ये युवा खिलाड़ी।

भारतीय टीम- India TV Hindi
भारतीय टीम

आईपीएल 2018 में जमकर रन बना रहे और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे श्रेयस अय्यर के लिए अच्छी खबर है। दरअसल, आज सेलेक्टर्स अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट, आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20, वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान करने वाले हैं। इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेलने के कारण विराट कोहली टेस्ट मैच का हिस्सा नहीं होंगे और उनकी जगह पर अय्यर को टेस्ट टीम में मौका दिया जा सकता है। अय्यर ने आईपीएल में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है और उन्हें दिल्ली डेयरडेविल्स का कप्तान भी बनाया गया है। ऐसे में कोहली की जगह पर टीम इंडिया में खेलना अय्यर के करियर के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि साबित हो सकती है।

अय्यर को भारत की तरफ से वनडे और टी20 में खेलने का मौका मिल चुका है लेकिन अब तक उन्होंने टेस्ट मैच का स्वाद नहीं चखा है। ऐसे में अय्यर के पास अब टेस्ट टीम में भी जगह बनाने का मौका होगा। 10 दिसंबर, 2017 को वनडे डेब्यू करने वाले अय्यर अब तक भारत के लिए 6 मैच खेले हैं। इस दौरान अय्यर ने 42 के औसत और 96.33 के स्ट्राइक रेट के साथ 210 रन बनाए हैं। अय्यर का बेस्ट स्कोर 88 रहा है और उन्होंने 2 अर्धशतक भी जड़े हैं। वहीं, अय्यर ने भारत के लिए पहला टी20 मैच 1 नवंबर, 2017 को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था।

अय्यर अब तक भारत के लिए कुल 6 टी20 मैच खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 16 के औसत और 103 के स्ट्राइक रेट के साथ 83 रन बनाए हैं। भले ही अय्यर वनडे के मुकाबले टी20 में कुछ खास नहीं कर पाए हों लेकिन उन्होंने अपनी प्रतिभा का दुनिया के सामने ला दिया है और ये हर कोई मानता है कि वो बेहतरीन क्रिकेटर हैं और भविष्य में काफी आगे जाएंगे। आपको बता दें कि कोहली की गैर मौजूदगी में अजिंक्य रहाणे टेस्ट टीम की कप्तानी कर सकते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल