1. Hindi News
  2. खेल
  3. आईपीएल
  4. IPL 2021 : RR के शिवम दुबे ने साथी खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल की तारीफ में कही ये बड़ी बात

IPL 2021 : RR के शिवम दुबे ने साथी खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल की तारीफ में कही ये बड़ी बात

 Reported By: Bhasha
 Published : Oct 03, 2021 10:52 am IST,  Updated : Oct 03, 2021 10:52 am IST

चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ नाबाद 64 रन की मैच विजेता पारी खेलने वाले राजस्थान रॉयल्स के आलराउंडर शिवम दुबे ने कहा कि केवल उन्हें ही नहीं बल्कि उनकी टीम को भी इस पारी की सख्त जरूरत थी। 

IPL 2021 : RR के शिवम दुबे ने...- India TV Hindi
IPL 2021 : RR के शिवम दुबे ने साथी खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल की तारीफ में कही ये बड़ी बात Image Source : IPLT20.COM

अबुधाबी। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के यूएई चरण में अपने पहले मैच में ही चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ नाबाद 64 रन की मैच विजेता पारी खेलने वाले राजस्थान रॉयल्स के आलराउंडर शिवम दुबे ने कहा कि केवल उन्हें ही नहीं बल्कि उनकी टीम को भी इस पारी की सख्त जरूरत थी। दुबे ने मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘निश्चित तौर पर मुझे और मेरी टीम को इस पारी की सख्त जरूरत थी। यह पारी पूरी तरह से मेरी टीम के लिये थी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘क्योंकि अभी हम सातवें नंबर (छठे नंबर) पर हैं और हमें क्वालीफाई करने की जरूरत है और अगर हम अगले दो मैचों में वास्तव में अच्छा खेल दिखाते हैं तो हम क्वालीफाई कर जाएंगे। इसलिए यह महत्वपूर्ण है।’’ यशस्वी जायसवाल के अर्धशतक और दुबे की धमाकेदार पारी से रॉयल्स ने शनिवार को चेन्नई को सात विकेट से हराकर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदें जीवंत रखी।

दुबे ने पिछले मैचों में अंतिम एकादश में जगह नहीं मिल पाने के बारे में कहा, ‘‘यह टीम संयोजन पर निर्भर करता है। यह कोच, सहयोगी स्टाफ और कप्तान पर निर्भर करता है। मैं मौके का इंतजार कर रहा था। मुझे मौका मिला और मैंने उसका पूरा फायदा उठाया।’’ दुबे ने मुंबई के अपने साथी जायसवाल की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा, ‘‘टीम को अच्छी शुरुआत की जरूरत थी और यशस्वी और इविन लुईस ने अच्छी बल्लेबाजी की। विशेषकर यशस्वी की आज की बल्लेबाजी ने अंतर पैदा किया। हमें जैसी शुरुआत चाहिए थी, वैसी मिली और हम मैच आसानी से जीतने में सफल रहे।’’

चेन्नई के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने युवा सलामी बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ की प्रशंसा की जिन्होंने नाबाद 101 रन बनाये जो आईपीएल में उनका पहला शतक है। फ्लेमिंग ने कहा, ‘‘यह बेहतरीन पारी थी और ऐसा अक्सर नहीं होता है कि आपने अपनी टीम के लिये सैकड़ा जमाया हो और आपकी टीम हार जाए। लेकिन टीम इस व्यक्तिगत प्रदर्शन से खुश है। यह शानदार पारी और इस युवा बल्लेबाज का एक और अहम योगदान था।’’

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल