1. Hindi News
  2. खेल
  3. आईपीएल
  4. IPL 2022 GT vs PBKS, Preview: पंजाब के खिलाफ प्लेऑफ में जगह पक्की करने उतरेगी गुजरात, राहुल तेवतिया पर होंगी नजरें

IPL 2022 GT vs PBKS, Preview: पंजाब के खिलाफ प्लेऑफ में जगह पक्की करने उतरेगी गुजरात, राहुल तेवतिया पर होंगी नजरें

 Edited By: Priyam Sinha
 Published : May 03, 2022 11:46 am IST,  Updated : May 03, 2022 11:46 am IST

आईपीएल 2022 के 48वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस का सामना पंजाब किंग्स से होगा। यह मुकाबला मुंबई के डॉ. डी वाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा।

गुजरात ने पिछली...- India TV Hindi
गुजरात ने पिछली भिड़ंत में पंजाब को 6 विकेट से हराया था Image Source : IPL

Highlights

  • गुजरात टाइटंस प्लेऑफ में पहुंचने से एक जीत दूर
  • पंजाब को पिछली भिड़ंत में गुजरात ने 6 विकेट से दी थी मात
  • राहुल तेवतिया का पंजाब के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड

गुजरात टाइटंस की टीम इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2022) में मंगलवार को जब पंजाब किंग्स का सामना करेगी तो उसकी निगाह प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की करने पर रहेगी। पहली बार आईपीएल में भाग ले रही गुजरात की टीम को अब तक हराना आसान नहीं रहा है। उसने नौ में से आठ मैच जीते हैं और लगातार छठी जीत दर्ज करने से वह प्लेऑफ में जगह बनाने वाली पहली टीम बन जाएगी। 

गुजरात के इस शानदार प्रदर्शन का कारण विपरीत परिस्थितियों में भी दमदार वापसी करना है। राहुल तेवतिया, डेविड मिलर, राशिद खान हों या कप्तान हार्दिक पंड्या, इन सभी ने अब तक टूर्नामेंट में मैच विजेता प्रदर्शन किया है। यदि कोई एक खिलाड़ी नाकाम हो जाता है तो दूसरा बखूबी जिम्मेदारी निभाता है।’’ हार्दिक ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) के खिलाफ जीत के बाद कहा था, ‘‘यह इस टीम की खूबसूरती है कि खिलाड़ियों ने दिखाया है कि वे मुश्किल परिस्थितियों में भी क्या कर सकते हैं। हमने ऐसा करने के लिये हमेशा उनका हौसला बढ़ाया।’’ 

राहुल तेवतिया पर होंगी नजरें

पिछली बार जब गुजरात और पंजाब का सामना हुआ था तो तेवतिया ने आखिरी दो गेंदों पर छक्के लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई थी। तेवतिया का पंजाब के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड रहा है। पंजाब अब अनुकूल परिणाम की उम्मीद कर रहा होगा। इसके अलावा वह नहीं चाहेगा कि मैच पिछली बार की तरह अंतिम गेंद तक पहुंचे। पंजाब के प्रदर्शन में फिर से निरंतरता का अभाव रहा है तथा उसे अब तक नौ मैचों में से पांच में हार मिली है। उसके शीर्ष बल्लेबाज कप्तान मयंक अग्रवाल, जॉनी बेयरस्टो, शिखर धवन और लियाम लिविंगस्टोन ने टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्हें अपने प्रदर्शन में निरंतरता लानी होगी। 

राहुल तेवतिया ने आखिरी दो गेंदों पर छक्के लगाकर पंजाब के खिलाफ गुजरात को जीत दिलाई थी
Image Source : IPLराहुल तेवतिया ने आखिरी दो गेंदों पर छक्के लगाकर पंजाब के खिलाफ गुजरात को जीत दिलाई थी

गेंदबाजी विभाग में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने ही लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। पिछले मैच में उसके गेंदबाजों ने अच्छा खेल दिखाया था लेकिन बल्लेबाजों ने उसे निराश किया। गुजरात की टीम में विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा ने मैथ्यू वेड की जगह अच्छी तरह से संभाली है। उनके सलामी जोड़ीदार शुभमन गिल ने अच्छी शुरुआत की थी लेकिन दाएं हाथ का यह बल्लेबाज हाल में रन बनाने के लिये जूझता हुआ नजर आया। वह निश्चित तौर पर फॉर्म में वापसी करने की कोशिश करेंगे। 

गुजरात के लिए बल्लेबाजी का मुख्य आधार हार्दिक रहे हैं। उन्होंने जिम्मेदारी भरी पारियां खेली हैं। हार्दिक ने अब तक कुल 308 रन बनाए हैं और वह टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों में तीसरे नंबर पर हैं। मिलर और तेवतिया ने ‘फिनिशर’ की भूमिका शानदार ढंग से निभाई है। राशिद खान भी छक्के जड़ने के अपने कौशल का अच्छा नमूना पेश कर चुके हैं। गुजरात के पास मजबूत गेंदबाजी आक्रमण है। मोहम्मद शमी नई गेंद से कहर बरपा सकते हैं, तो पंजाब को लॉकी फर्ग्यूसन की स्पीड से सतर्क रहना होगा। गुजरात प्रदीप सांगवान को भी टीम में बनाए रख सकता है जिन्होंने चार सत्र बाद अपने पहले आईपीएल मैच में शानदार प्रदर्शन किया था। 

दोनों टीमों के स्क्वॉड

गुजरात टाइटंस : अभिनव मनोहर, डेविड मिलर, गुरकीरत सिंह, बी साई सुदर्शन, शुभमन गिल, हार्दिक पंड्या (कप्तान), राहुल तेवतिया, विजय शंकर, मैथ्यू वेड, रहमानुल्ला गुरबाज, ऋद्धिमान साहा, अल्जारी जोसेफ, दर्शन नालकांडे, डोमिनिक ड्रेक्स, जयंत यादव, लॉकी फर्ग्यूसन, मोहम्मद शमी, नूर अहमद, प्रदीप सांगवान, राशिद खान, रवि श्रीनिवासन साई किशोर, वरुण आरोन, यश दयाल। 

पंजाब किंग्स: शिखर धवन, मयंक अग्रवाल, अर्शदीप सिंह, कगिसो रबाडा, जॉनी बेयरस्टो, राहुल चाहर, हरप्रीत बराड़, शाहरुख खान, प्रभसिमरन सिंह, जितेश शर्मा, ईशान पोरेल, लियाम लिविंगस्टोन, ओडियन स्मिथ, संदीप शर्मा, राज अंगद बावा, ऋषि धवन, प्रेरक मांकड़, वैभव अरोड़ा, ऋतिक चटर्जी, बलतेज ढांडा, अंश पटेल, नाथन एलिस, अथर्व ताएदे, भानुका राजपक्षे, बेनी हॉवेल।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल