1. Hindi News
  2. खेल
  3. आईपीएल
  4. IPL 2022: हर्षल पटेल के सामने फिर फेल हुए रोहित शर्मा, मुंबई इंडियंस के खिलाफ खास है RCB के गेंदबाज का रिकॉर्ड

IPL 2022: हर्षल पटेल के सामने फिर फेल हुए रोहित शर्मा, मुंबई इंडियंस के खिलाफ खास है RCB के गेंदबाज का रिकॉर्ड

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Apr 09, 2022 08:42 pm IST,  Updated : Apr 09, 2022 10:14 pm IST

हर्षल पटेल ने रोहित शर्मा को आईपीएल की 6 पारियों में से तीसरी बार अपना शिकार बनाया है। उनका मुंबई इंडियंस के खिलाफ भी रिकॉर्ड बेहद शानदार है।

रोहित शर्मा और हर्षल...- India TV Hindi
रोहित शर्मा और हर्षल पटेल Image Source : ट्विटर (IPL)

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के गेंदबाज हर्षल पटेल ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2022) के 18वें मुकाबले में रोहित शर्मा को 26 रन पर अपनी ही गेंदबाजी पर कैच आउट कर दिया। यह छह पारियों में से तीसरा ऐसा मौका था जब हर्षल ने हिटमैन का शिकार किया। इसके अलावा मुंबई के खिलाफ 10वें मैच में उन्होंने 18वां विकेट रोहित शर्मा के रूप में झटका। अब मुंबई के खिलाफ 10 मैचों में उनके कुल 19 विकेट हो गए हैं। इस मैच के 4 ओवर में 23 रन देकर उन्होंने दो विकेट लिए।

अगर इस मैच से पहले हर्षल पटेल के मुंबई के खिलाफ स्टैट्स पर नजर डालें तो उन्होंने 9 मैचों में 17 विकेट झटके थे। रोहित शर्मा का विकेट लेने के बाद उनका औसत अब टीम के खिलाफ 12.94, स्ट्राइक रेट 10.2 और इकॉनमी रेट 7.60 का है। मुंबई के खिलाफ उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 27 रन देकर 5 विकेट है।

हर्षल पटेल पिछले कुछ सीजन से आरसीबी के प्रमुख गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने आईपीएल 2021 में पर्पल कैप भी जीती थी। इसके बाद भारतीय टीम में भी उन्हें जगह मिली और वहां भी उन्होंने हर किसी को अपनी विकेट लेने की क्षमता से सभी को प्रभावित किया। इस सीजन में भी वह अभी तक 5 विकेट ले चुके हैं।

हर्षल पटेल के करियर पर एक नजर

हर्षल पटेल 2012 से आईपीएल का हिस्सा हैं। उन्होंने 7 अप्रैल 2012 को दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) के खिलाफ डेब्यू किया था। इसके बाद से अब तक वह 67 मैच खेल चुके हैं। उनके नाम कुल 84 विकेट दर्ज हैं। इस लीग में शानदार प्रदर्शन का फल उन्हें भारतीय टीम की कैप के साथ मिला। उन्होंने 19 नवंबर 2021 को न्यूजीलैंड के खिलाफ इंडिया के लिए डेब्यू किया। उन्होंने अभी तक भारत के लिए 8 टी20 इंटरनेशनल खेले हैं जिसमें उनके नाम 11 विकेट दर्ज हैं।

IPL 2022: चेन्नई सुपर किंग्स के नाम दर्ज अनचाहा रिकॉर्ड, आईपीएल इतिहास में दूसरी बार हुआ ऐसा

आईपीएल 2022 में 18वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले से पहले मुंबई ने तीन मैच खेले हैं और तीनों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। पांच बार की चैंपियन टीम पहली जीत की तलाश कर रही है। तो आरसीबी ने तीन में से 2 मैच जीते हैं और एक में उसे हार मिली है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल