1. Hindi News
  2. खेल
  3. आईपीएल
  4. MI vs DC IPL 2022 : दिल्ली कैपिटल्स 5 विकेट से हारी, RCB प्लेऑफ में पहुंची

MI vs DC IPL 2022 : दिल्ली कैपिटल्स 5 विकेट से हारी, RCB प्लेऑफ में पहुंची

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : May 21, 2022 11:34 pm IST,  Updated : May 21, 2022 11:34 pm IST

अब प्लेऑफ में जाने वाली चार टीमें गुजरात टाइटंस, राजस्थान रॉयल्स, लखनऊ सुपर जाएंट्स और आरसीबी हो गई हैं। 

Mumbai Indians- India TV Hindi
Mumbai Indians Image Source : TWITTER/@MIPALTAN

IPL 2022 MI vs DC Match Reports : आईपीएल 2022 के आज के एक बेहद खास मैच में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 5 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ दिल्ली कैपिटल्स का आईपीएल 2022 में सफर भी समाप्त हो गया है। वहीं आरसीबी ने प्लेऑफ में अपनी जगह भी पक्की कर ली है। आरसीबी प्लेऑफ में जाने वाली चौथी टीम बन गई है। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने 159 रन बनाए थे और मुंबई के सामने जीत के लिए 160 रनों का टारगेट रखा था। मुंबई इंडियंस ने इस स्कोर को 19.1 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर ही हासिल कर लिया। अब प्लेऑफ में जाने वाली चार टीमें गुजरात टाइटंस, राजस्थान रॉयल्स, लखनऊ सुपर जाएंट्स और आरसीबी हो गई हैं। 

इससे पहले जब मुंबई इंडियंस दिल्ली कैपिटल्स की ओर से दिए गए 160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने के लिए मैदान में उतरी तो टीम शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज ईशा किशन ने तो तेजी से रन बनाए, लेकिन दूसरे सलामी बल्लेबाज और कप्तान ​रोहित शर्मा आज भी फार्म में नजर नहीं आए। जब टीम का स्कोर केवल 25 रन था, तभी रोहित शर्मा 13 गेंद पर केवल दो रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए डेवाल्ड ब्रेविस और ईशान किशन ने तेजी से रन बनाने की कोशिश की, लेकिन शुरुआत काफी धीमी थी, इसलिए जरूरी रन रेट काफी आगे पहुंच गया था। दोनों ने मिलकर टीम को स्कोर 50 तक लेकर गए। लेकिन टीम को उस वक्त बड़ा झटका लगा जब ईशान किशन कुलदीप यादव के शिकार हो गए। ईशान किशन ने 35 गेंद पर 48 रन की अच्छी पारी खेली। इस दौरान किशन ने चार छक्के और तीन चौके लगाए। डेवाल्ड ब्रेविस को अब तिलक वर्मा का साथ मिला। दोनों ने मिलकर टीम को आगे ले जाने की कोशिश की। लेकिन जब टीम का स्कोर 95 रन ही था, तभी डेवाल्ड ब्रेविस भी चलते बने, उन्हें शार्दुल ठाकुर ने आउट कर दिया। वे 33 गेंद पर 37 रन का ही योगदान कर पाए। इसके बाद मैच को आगे ले जाने की जिम्मेदारी टिम डेविड और तिलक वर्मा पर आ गई। दोनों ने मिलकर धुआंधार बल्लेबाजी की और टीम को जीत के दरवाजे तक पहुंचा दिया। जब टीम को 14 गेंद पर 15 रन की जरूरत थी, जब टिम डेविड शार्दुल ठाकुर का शिकार हो गए। टिम डेविड ने 11 गेंद पर धुआंधार 34 रन बनाए। इस दौरान चार छक्के और दो चौके उन्होंने लगाए। इससे लगा कि मैच एक तरफा हो गया है। 19वें ओवर में तिलक वर्मा आउट हो गए, इससे लगा कि मैच पलट सकता है। लेकिन ऐसा नहीं हुआ और ​मुंबई ने मैच अपने नाम कर लिया। 

पहले गेंदबाजी के कप्तान रोहित शर्मा के फैसले को सही साबित करते हुए मुंबई के गेंदबाजों ने उम्दा प्रदर्शन किया। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने चार ओवर में 25 रन देकर तीन विकेट चटकाए। दिल्ली का स्कोर 8. 4 ओवर में चार विकेट पर 50 रन था, लेकिन रोवमैन पॉवेल ने 34 गेंद में 43 और कप्तान​ रिषभ पंत ने 33 गेंद में 39 रन बनाकर पारी को संभाला। दोनों ने 44 गेंद में 75 रन की साझेदारी करके टीम को संकट से निकाला। टायफाइड से उबरकर वापसी करने वाले दिल्ली के सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ फॉर्म में दिख रहे थे। उन्होंने डेनियल सैम्स को चौका और छक्का जड़ा। सैम्स ने हालांकि मुंबई को पहली सफलता दिलाई, जब डेविड वॉर्नर शॉर्ट थर्डमैन पर खड़े बुमराह को कैच दे बैठे। जसप्रीत बुमराह ने मिशेल मार्श को रोहित शर्मा के हाथों लपकवाया। इसके बाद एक कठिन बाउंसर पर शॉ का विकेट लिया।

मयंक मार्कंडेय ने सरफराज खान को आफ स्टम्प से बाहर जाती गेंद पर लौटाया जिससे नौवे ओवर में दिल्ली का स्कोर चार विकेट पर 50 रन था। ऋतिक शौकीन और मयंक ने अच्छे तालमेल के साथ गेंदबाजी की। दिल्ली के दस ओवर में चार विकेट पर 55 रन ही बने थे। रिषभ पंत ने ऐसे में पारी के सूत्रधार की भूमिका निभाई और पॉवेल ने 12वें ओवर में शौकीन को दो छक्के और एक चौका लगाकर 20 रन निकाले। अगले ओवर में उन्होंने मयंक को छक्का जड़ा। मुंबई का क्षेत्ररक्षण भी आखिर में ढीला हो गया जब तिलक वर्मा और बुमराह ने आसान चौके जाने दिए। रिले मेरेडिथ ने ऐसे में एक किफायती ओवर डालकर दो ही रन दिए। रोहित ने रमनदीप को फिर गेंद सौंपी जिसने तीन वाइड डाली और एक छक्का तथा एक चौका दे डाला। पॉवेल ने बुमराह को डीप स्क्वेयर लेग पर छक्का जड़ा जबकि अक्षर पटेल ने सैम्स की गेंद को सीमारेखा के पार पहुंचाया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल