1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. श्रीकांत बाहर, जापान ओपन में भारतीय चुनौती खत्म

श्रीकांत बाहर, जापान ओपन में भारतीय चुनौती खत्म

 Reported By: Bhasha
 Published : Sep 14, 2018 01:07 pm IST,  Updated : Sep 14, 2018 01:07 pm IST

श्रीकांत के बाहर होने से भारतीय खिलाड़ियों का जापान ओपन में अभियान खत्म हो गया। 

किदाम्बी श्रीकांत- India TV Hindi
किदाम्बी श्रीकांत Image Source : GETTY IMAGES

टोक्यो: किदाम्बी श्रीकांत को शुक्रवार को पुरूष एकल स्पर्धा में तीन गेम तक चले मैराथन क्वार्टरफाइनल में हार का सामना करना पड़ा जिससे 700,000 डालर इनामी राशि के जापान ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती भी खत्म हो गयी। अन्य भारतीय खिलाड़ियों की तरह सातवें वरीय श्रीकांत भी थके हुए लग रहे थे, वह एक घंटे 19 मिनट तक चले मुकाबले में कोरिया के ली डोंग केयून के खिलाफ एक गेम की बढ़त गंवा बैठे जिससे उन्हें 21-19 16-21 18-21 से पराजय मिली। 

पूर्व नंबर एक खिलाड़ी श्रीकांत ने गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीता था। पिछले दौर में उन्होंने हांगकांग के वोंग विंग कि विन्सेंट को सीधे गेम में हराकर एशियाई खेलों की हार का बदला चुकता किया था। 

श्रीकांत के बाहर होने से भारतीय खिलाड़ियों का जापान ओपन में अभियान खत्म हो गया। ओलंपिक पदकधारी और एशियाई खेलों की रजत पदकधारी पीवी सिंधू और एच एस प्रणय गुरूवार को महिला और पुरूष एकल में हारकर बाहर हो गये थे। 

पुरूष युगल में भी भारतीय खिलाड़ी आगे बढ़ने में असफल रहे। मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी की जोड़ी गुरूवार को प्री क्वार्टरफाइनल में पस्त हो गयी थी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल