इपोह: ओलंपिक में बेहतर प्रदर्शन की तैयारी में जुटी भारतीय पुरूष हाकी टीम अपनी तैयारियों का आगाज यहां कल जापान के ख़िलाफ सुल्तान अज़लान शाह कप के पहले मुकाबले के जरिये करेगी। आठ बार की ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता भारतीय टीम की रियो ओलंपिक की तैयारी का आगाज कल जापान के खिलाफ होगा। इस मैच के जरिये भारत को विश्व चैम्पियन आस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ खुद को आंकने से पहले अपने पैर जमाने का मौका मिलेगा।
ओलंपिक चार महीने बाद ही होने है लिहाजा भारतीय टीम इस मौके का पूरा फायदा उठाना चाहेगी। भारत ने पिछले साल दिसंबर में रायपुर में हाकी विश्व लीग फाइनल में कांस्य पदक जीता था। इस टूर्नामेंट के जरिये भारत युवा खिलाडि़यों को मैच हालात में परखना भी चाहेगा। भारत ने कोर ग्रुप में से अधिकांश युवा खिलाडि़यों को इस टूर्नामेंट में उतारा है जिन्हें कोच रोलेंट ओल्टमेंस परखना चाहते हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि युवा खिलाडि़यों के लिये यह कड़ी परीक्षा होगी जबकि सीनियर खिलाडि़यों को जरूरी आराम दिया गया है। उन्होंने कहा , अंतरराष्ट्रीय खेल बड़े मंच पर अपने कौशल का नमूना पेश करना ही है। युवा खिलाडि़यों पर हमारी नजरें होंगी। उन्होंने कहा, सुल्तान अजलन शाह कप युवा भारतीय खिलाडि़यों के सामने यह साबित करने का मौका है कि वे बड़ी प्रतियोगिताओं के लिये तैयार हैं लेकिन उन पर ज्यादा दबाव बनाना उचित नहीं है।
ओल्टमेंस को बखूबी पता है कि वे किसी टीम को हलके में लेने की गलती नहीं कर सकते। भारत के सामने बड़ी चुनौती आस्ट्रेलिया के रूप में होगी जो न्यूजीलैंड से यह खिताब छीनने को बेताब है। आस्ट्रेलिया आठ बार अजलन शाह कप जीत चुका है जबकि भारत ने पांच बार खिताब अपने नाम किया है । पिछले साल न्यूजीलैंड ने पेनल्टी शूटआउट में आस्ट्रेलिया को 3.1 से हराया था। भारत ने आखिरी बार 2011 में खिताब जीता था जब बारिश के कारण खिताब दक्षिण कोरिया और भारत दोनों को दे दिया गया था। आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के अलावा ओलंपिक के लिये क्वालीफाई कर चुकी टीम सिर्फ कनाडा की है। एशिया से भारत ने क्वालीफाई किया है। टूर्नामेंट में पूर्व विश्व चैम्पियन पाकिस्तान, मेजबान मलेशिया और जापान भी खेलेंगे। आस्ट्रेलिया ने सबसे मजबूत टीम उतारी है जिसमें 351 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके जैमी ड्वायेर , मार्क नोल्स : 275 अंतरराष्ट्रीय मैच : और क्रिस सिरिएलो : 177 मैच : शामिल हैं । सरदार सिंह की कप्तानी वाली भारतीय टीम में उपकप्तान एस वी सुनील, रूपिंदर पाल सिंह, कोथाजीत सिंह और मनप्रीत सिंह भी हैं।