1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. बत्रा IOA के अध्यक्ष और मेहता महासचिव चुने गए

बत्रा IOA के अध्यक्ष और मेहता महासचिव चुने गए

 Reported By: Bhasha
 Published : Dec 15, 2017 03:10 pm IST,  Updated : Dec 15, 2017 03:10 pm IST

अंतरराष्ट्रीय हाकी महासंघ के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा गुरुवार को भारी बहुमत से अगले चार साल के लिये भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष चुने गए जबकि राजीव मेहता फिर महासचिव चुन लिये गए.

Narinder Batra, IOA- India TV Hindi
Narinder Batra, IOA

नयी दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय हाकी महासंघ के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा गुरुवार को भारी बहुमत से अगले चार साल के लिये भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष चुने गए जबकि राजीव मेहता फिर महासचिव चुन लिये गए. आईओए की सालाना आम बैठक में 60 बरस के बत्रा को 142 वोट मिले जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी अनिल खन्ना को 13 वोट मिले. यह चुनाव तीन सदस्यीय चुनाव आयोग की निगरानी में कराया गया जिसमें उच्च न्यायालय के दो सेवानिवृत जज शामिल थे जबकि भारतीय चुनाव आयोग के कानूनी सलाहकार एस के मेंदिरत्ता निर्वाचन अधिकारी थे.

अध्यक्ष पद के लिये बत्रा का चुनाव औपचारिकता मात्र था क्योंकि अखिल भारतीय टेनिस संघ के अध्यक्ष अनिल खन्ना ने पिछले सप्ताह दौड़ से नाम वापिस ले लिया था. अध्यक्ष पद के लिये हालांकि चुनाव कराया गया क्योंकि खन्ना ने आईओए द्वारा नियुक्त चुनाव आयोग को तीन दिसंबर की समय सीमा के बाद मैदान से हटने के अपने फैसले से अवगत कराया था.

 
निवृतमान महासचिव राजीव मेहता को दूसरी बार निर्विरोध इस पद पर चुन लिया गया. इस पद के लिये उनके खिलाफ कोई नहीं खड़ा हुआ था. इसके साथ ही बत्रा महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय खेल महासंघ के अध्यक्ष पद पर काबिज होते हुए राष्ट्रीय ओलंपिक समिति के अध्यक्ष बनने वाले चुनिंदा प्रशासकों में शामिल हो गए. आनंदेश्वर पांडे कोषाध्यक्ष चुने गए जिन्होंने राकेश गुप्ता को सात के मुकाबले 11 मतों से हराया. आर के आनंद सीनियर उपाध्यक्ष चुने गए जिन्होंने जे एस गेहलोत को 35 के मुकाबले 96 मतों से हराया.

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल