1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. बैडमिंटन विश्व चैम्पियनशिप: दूसरे दौर में पहुंचे श्रीकांत, प्रणीत और प्रणॉय

बैडमिंटन विश्व चैम्पियनशिप: दूसरे दौर में पहुंचे श्रीकांत, प्रणीत और प्रणॉय

 Reported By: IANS
 Published : Aug 19, 2019 11:47 pm IST,  Updated : Aug 19, 2019 11:47 pm IST

श्रीकांत ने तीसरे गेम में शुरू से ही अपनी बढ़त को बनाए रखा और एक समय उन्होंने 10-1 की बढ़त कायम कर ली। आयरलैंड के खिलाड़ी इस दौरान चोटिल भी हो गए, जिससे उन्हें मेडिकल लेना पड़ा। 

बैडमिंटन विश्व चैम्पियनशिप: दूसरे दौर में पहुंचे श्रीकांत, प्रणीत और प्रणॉय - India TV Hindi
बैडमिंटन विश्व चैम्पियनशिप: दूसरे दौर में पहुंचे श्रीकांत, प्रणीत और प्रणॉय  Image Source : GETTY IMAGES

बासेल (स्विट्जरलैंड)। भारत के अग्रणी पुरुष एकल खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत, बी. साई प्रणीत और एचएस प्रणॉय सोमवार से यहां शुरू हुई बीडब्ल्यूएफ बैडमिंटन विश्व चैम्पियनशिप-2019 के दूसरे दौर में पहुंच गए हैं। टूर्नामेंट में सातवीं सीड श्रीकांत ने पहले दौर में विश्व रैंकिंग में 81वें नंबर के खिलाड़ी आयरलैंड के एनहत एनगुयेन को तीन गेमों तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में 17-21, 21-16, 21-6 से मात दी। 

श्रीकांत ने यह मुकाबला एक घंटे छह मिनट में जीता। इस जीत के साथ ही श्रीकांत ने एनगुयेन के अपना करियर रिकॉर्ड 2-0 का कर लिया है। श्रीकांत ने पहला गेम 17-21 से हारने के बाद दूसरे गेम में शानदार वापसी की। भारतीय खिलाड़ी ने दूसरे गेम को 21-16 से जीतकर मैच को रोमांचक बना दिया, जिससे खेल तीसरे गेम तक जा पहुंचा। 

श्रीकांत ने तीसरे गेम में शुरू से ही अपनी बढ़त को बनाए रखा और एक समय उन्होंने 10-1 की बढ़त कायम कर ली। आयरलैंड के खिलाड़ी इस दौरान चोटिल भी हो गए, जिससे उन्हें मेडिकल लेना पड़ा। 

खेल जब दोबारा से शुरू हुआ तो फिर श्रीकांत 12-2 से आगे थे। भारतीय खिलाड़ी ने इसके बाद लगातार अंक लेते हुए 21-6 से तीसरा गेम और मैच अपने नाम कर लिया। दूसरे दौर में वर्ल्ड नंबर-10 श्रीकांत का सामना वर्ल्ड नंबर-44 इजरायल के मिशा जिलबेरमन से होगा, जिनके खिलाफ श्रीकांत पहली बार कोर्ट पर उतरेंगे। 

इस बीच, 16वें सीड खिलाड़ी प्रणीत ने पहले दौर के मुकाबले में कनाडा के जेसन एंथोनी सुई को हराया। प्रणीत ने एंथोनी को 39 मिनट तक चले मुकाबले में 21-17, 21-16 से मात दी। इन दोनों के बीच यह अब तक का पहला मुकाबला था। 

वहीं, प्रणॉय ने तीन गेमों तक चले मुकाबले में फिनलैंड के इतु हीयनो को मात दी। प्रण्ॉय ने हीयनो को 17-21 21-10 21-11 से पराजित किया। भारतीय खिलाड़ी ने 59 मिनट में यह मुकाबला जीता। 

वल्र्ड नंबर-30 प्रणॉय का वल्र्ड नंबर-93 हीयनो के खिलाफ करियर का यह पहला मुकाबला था। अगले दौर में प्रणॉय के सामने चीन के लिन डेन की चुनौती होगी, जिनके खिलाफ प्रणॉय का 2-2 का करियर रिकॉर्ड है। 

हालांकि समीर वर्मा को अपने पहले दौर के मुकाबले में अभी कोर्ट पर उतरना बाकी है। समीर पहले दौर के मैच में सिंगापुर के लोह कीन येव से भिड़ेंगे। इससे पहले, भारत की मेघना जक्कामापुडी और एस. राम पूर्विशा की जोड़ी ने महिला युगल वर्ग के पहले दौर में जीत हासिल कर ली है।

भारतीय जोड़ी ने ग्वाटेमाला की कोरलेटो सोटो डियाना और सोटोमायोर निकते एलेक्जेंडरे की जोड़ी को मात दी। भारतीय महिलाओं ने यह मुकाबला 28 मिनट में 21-10, 21-18 से अपने नाम किया। दूसरे दौर में यह जोड़ी जापान की शिहो टानाका और कोहारू योनेमोटो की जोड़ी से भिड़ेगी। जापानी जोड़ी को पहले दौर में बाई मिला है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल