1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. CWG 2018 (Women Hockey): भारत ने इंग्लैंड को हराया, सेमीफाइनल की उम्मीद बरक़रार

CWG 2018 (Women Hockey): भारत ने इंग्लैंड को हराया, सेमीफाइनल की उम्मीद बरक़रार

 Edited By: IANS
 Published : Apr 08, 2018 11:03 am IST,  Updated : Apr 08, 2018 11:03 am IST

भारतीय महिला टीम ने यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में रविवार को चौथे दिन महिला हॉकी प्रतियोगिता में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ 2-1 से जीत हासिल कर सेमीफाइनल में स्थान हासिल करने की उम्मीद बरकरार रखी है.

CWG 2018, Women Hocke India- India TV Hindi
CWG 2018, Women Hocke India

गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया): भारतीय महिला टीम ने यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में रविवार को चौथे दिन महिला हॉकी प्रतियोगिता में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ 2-1 से जीत हासिल कर सेमीफाइनल में स्थान हासिल करने की उम्मीद बरकरार रखी है. गोल्ड कोस्ट हॉकी सेंटर में खेले गए इस पूल-ए के मैच में भारत के लिए नवनीत कौर और गुरजीत कौर ने गोल किया. भारतीय टीम का सामना अब पूल-ए में 10 अप्रैल को दक्षिण अफ्रीका से होगा.

इंग्लैंड ने मैच की अच्छी शुरुआत की और पहले ही मिनट में कप्तान एलेक्जेंड्रा डेनसन ने गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी. इसके बाद, भारतीय गोलकीपर सविता ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड की टीम की ओर से की गई दो कोशिशों को नाकाम किया. आठवें मिनट में भारत को पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल करने का अवसर मिला था, लेकिन टीम इस अवसर को भुना नहीं पाई. 

दूसरे क्वार्टर में इंग्लैंड को पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल करने का अवसर मिला लेकिन गिसेले एंस्ले इस अवसर का फायदा नहीं उठा पाई.  28वें मिनट में भी इंग्लैंड की टीम एक और पेनाल्टी कॉर्नर को भुनाने से चूक गईं. 

भारत की ओर से 31वें मिनट में वंदना ने गोल की अच्छी कोशिश की, लेकिन इंग्लैंड की गोलकीपर ने इस कोशिश को असफल कर दिया. 34वें मिनट में इंग्लैंड को एक बार फिर पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन डिफेंडर सुनीला लाकड़ा ने इसे भारत के गोल पोस्ट तक नहीं पहुंचने दिया।. भारतीय टीम 38वें मिनट में एक बार फिर पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल करने से चूक गईं. आख़िरकार 41वें मिनट में नवनीत ने गोल कर भारत का स्कोर इंग्लैंड के खिलाफ 1-1 से बराबर कर दिया. 

इसके बाद, चौथे क्वार्टर में 47वें मिनट में भारत को पेनाल्टी कॉर्नर हासिल हुआ. इस अवसर को गुरजीत ने भुनाते हुए गोल किया और भारत को 2-1 से आगे कर दिया.

भारत ने इसके बाद अच्छे डिफेंस के दम पर इंग्लैंड को गोल कर बराबरी नहीं करने दी और अंत में 2-1 से जीत हासिल की. 

मैच के बाद भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच हरेंद्र सिंह ने कहा, "हमारे अभियान की शुरुआत आसान नहीं थी. हमें वेल्स से हार मिली, लेकिन टीम की खिलाड़ियों ने अपने जज्बे को कमजोर नहीं होने दिया और अगले दो मैच जीत कर अच्छी वापसी की है." हरेंद्र का कहना है कि वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले मैच को क्वार्टर फाइनल के रूप में देख रहे हैं. 

उन्होंने कहा, "हमने हर मैच में सुधार किया है. अब हम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच को क्वार्टर फाइनल के रूप में देख रहे हैं, क्योंकि जीतने वाली टीम सेमीफाइनल में जाएगी. हमें अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करना होगा और आज जैसे मैच की तरह ही प्रदर्शन करना होगा, ताकि हम अंतिम-4 में स्थान हासिल कर सकें."

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल