पेरिस: बेहद रोमांचक मुकाबले में पु्र्तगाल ने स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो के घायल होकर बाहर होने के बावजूद फ़्रांस को 1-0 से हराकर यूरो कप जीत लिया। पुर्तगाल ने पहली बार कोई बड़ा ख़िताब जीता है जबकि फ़्रांस का यूरो चैंपियन बनने का सपना तीसरी बार टूट गया।
निर्धारित 90 मिनटों में कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी और मुक़ाबला गोल रहित रहा। 15 मिनट के पहले अतिरिक्त समय में भी कोई टीम गोल नहीं कर सकी लेकिन 15 मिनट के दूसरे अतिरिक्त समय में पुर्तगाल ने गोल दाग कर मैच को रोमांचक बना दिया।
पुर्तगाल के खिलाड़ी एडर ने 110वें मिनट में 25 मीटर की दूरी से कर गोल दाग कर टीम में जोश भर दिया। इस गोल के साथ ही स्टेडियम में जहां बड़ी संख्या में मौजूद फ्रांस के दिल डूब गए वहीं पुर्तगाल के प्रशंसक में खुशी की लहर दौड़ गई।

फ़्रांस ने स्कोर बराबरी करने के लिए अंतिम समय तक एड़ी चोटी का ज़ोर लगा दिया लेकिन पुर्तगाल ने उसकी हर कोशिश को नाकाम कर दिया। पुर्तगाल ने लगभग पूरा मैच अपने स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बिना खेला जो फ्रांस के मिडफ़ील्डर दिमित्री पेयेट से टकराने के बाद मैच से बाहर हो गए थे। स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर जाते हुए रोनाल्डो की आँखों से आंसू निकल रहे थे।

मैच के दौरान फ्रांस की टीम का प्रदर्शन अच्छा था और मैच के ज़्यादातर समय में वो पुर्तगाल पर हावी नज़र आ रही थी हालांकि मैच में मिले मौकों को वो गोल में तब्दील नहीं कर पाई।
लेकिन पुर्तगाल के खिलाड़ी एडर ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 110वें मिनट में गोल कर दिया और पुर्तगाल को वो पल दिला दिया जिसका उसे वर्षों से इंतज़ार था।
ट्राफ़ी जीतने के बाद पुर्तगाल के खिलाड़ियों ने जमकर जीत का जश्न मनाया। खिलाड़ियों ने ट्रॉफ़ी के साथ मैदान का चक्कर लगाया और प्रशंसकों और दर्शकों का आभार प्रकट किया।
मैच के लिए पेरिस और उसके आसपास क़रीब पांच हजार से ज़्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। स्टाड डे फ्रांस स्टेडियम, एफिल टॉवर के फैन जोन और शॉज़ एलीजे सड़क के आसपास कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। सुरक्षा के मद्देनज़र अधिकारियों ने विजय परेड आयोजित न करने की भी चेतावनी जारी की थी।