नई दिल्ली: फुटबाल की विश्व नियमाक संस्था फीफा के प्रतिनिधियों ने 2017 में भारत की मेजबानी में होने वाले अंडर-17 विश्व कप के लिए तैयारियों की जांच के बाद संतोष व्यक्त किया है। फीफा के प्रतिस्पर्धा निदेशक कोलिन स्मिथ ने गुरुवार को कहा, "हमने एक छौटा सा दौरा किया और यह दौरा फीफा यू-17 विश्व कप की मेजबानी करने वाली टीम के साथ अनुकूलन कायम करने के लिए था। हमारा उद्देश्य स्टेडियमों की जांच करना नहीं था बल्कि इसे फैक्ट फाइंडिंग कह सकते हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "हम भारत आने के लिए बेहद उतावले हैं। इस टूर्नामेंट को फीफा अध्यक्ष, कार्यकारी समिति के सदस्यों और प्रशासनिक कर्मचारियों का समर्थन प्राप्त है। भारत में अपार संभावनाएं हैं और हमें इसका हिस्सा बनकर खुशी है।"
फीफा प्रतिनिधियों ने भारत में फुटबाल के मौजूदा आधारभूत ढांचे में सुधार पर जोर दिया और नए प्रशिक्षण स्थलों के निर्माण की बात कही।
फीफा प्रतिनिधिमंडल दल के सदस्य जेवियर सेप्पी ने कहा, "हम मौजूदा स्टेडियमों में सुधार कर उन्हें विश्व स्तरीय बना रहे हैं और अभ्यास के मैदान निर्मित करने पर भी हमारा ध्यान है।"
फीफा टीम ने विश्व कप के आयोजन के बाद इससे बने माहौल को बनाए रखने के लिए योजना तैयार करने पर विशेष बल दिया खासकर युवाओं को इससे जोड़ने की दिशा में।
भारत 2017 में फीफा यू-17 विश्व कप की मेजबानी करेगा, जिसके तहत छह आयोजन स्थलों पर मैच होंगे।