जेनेवा: अमेरिकी अधिकारियों के आग्रह पर ज्यूरिख में छह फुटबॉल अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया। स्विस अधिकारियों के अनुसार इन फीफा अधिकारियों को करोड़ों डॉलर की रिश्वत लेने के संदेह में गिरफ्तार किया गया है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक फीफा के छह अधिकारी गिरफ्तार किए गए हैं। इनमें फीफा के उपाध्यक्ष जेफ्री वेब भी शामिल हैं।
स्विट्जरलैंड के न्याय मंत्रालय ने बयान में कहा, “रिश्वतखोर संदिग्ध जिनमें खेल मीडिया और खेलों को बढ़ावा देने वाली कंपनियों के प्रतिनिधि, कथित तौर पर फुटबॉल पदाधिकारों को 10 करोड़ डॉलर से ज्यादा का भुगतान करने की योजना में संलिप्त पाए गए। इन फुटबॉल पदाधिकारियों में फीफा के प्रतिनिधि और फीफा के उप संगठनों के पदाधिकारी शामिल हैं।
बयान में कहा गया है, “इसके बदले में माना जा रहा है कि उन्हें लैटिन अमेरिका में होने वाले फुटबॉल टूर्नामेंट्स से जुड़े मीडिया, मार्केटिंग और प्रायोजन अधिकार मिले।”
न्याय मंत्रालय ने कहा कि अमेरिकी अधिकारियों के आग्रह पर छह अधिकारियों को 1990 के दशक के शुरू से लेकर वर्तमान समय तक रिश्वत लेने और इसके बदले में हित साधने के संदेह में गिरफ्तार किया गया है। इन अधिकारियों को प्रत्यर्पण लंबित रहने तक हिरासत में रखा गया है।
बयान में कहा गया, “इन अपराधों की तैयारियां अमेरिका में की गई और भुगतान अमेरिकी बैंकों के ज़रिए किया गया।”
स्थानीय पुलिस ने ज्यूरिख के एक बड़े होटल से गिरफ्तारियां कीं। फीफा के प्रवक्ता ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल की शीर्ष संस्था इस स्थिति पर स्पष्टीकरण चाहता है और गिरफ्तारी पर टिप्पणी नहीं करेगा।