पेरिस: विश्व के 14वीं वरीयता प्राप्त टेनिस खिलाड़ी गेल मोनफिल्स ने साल के दूसरे ग्रैंड स्लैम फ्रेंच ओपन से नाम वापस ले लिया है। मोनफिल्स के एजेंट ने शुक्रवार को कहा कि मोनफिल्स को वायरल संक्रमण है और इस कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है।
साल 2008 में फ्रेंच ओपन सेमीफाइनल खेलने चुके स्थानीय खिलाड़ी मोनफिल्स ने तीन अन्य मौकों पर क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया है। 2012 के बाद से यह दूसरा मौका है, जब मोनफिल्स इस टूर्नामेंट में नहीं खेल रहे हैं। उस साल वह घुटने में चोट के कारण इस टूर्नामेंट में नहीं खेले थे।
मयनेनी क्वालीफायर में हारे, फ्रेंच ओपन एकल में नहीं होगा कोई भारतीय
फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट में कोई भी भारतीय एकल में नहीं खेलेगा क्योंकि साकेत मयनेनी पुरूष क्वालीफायर में आज यहां अमेरिका के फ्रांसिस टियाफो से सीधे सेटों में हार गये। विश्व में 147वें नंबर और यहां 28वीं वरीयता प्राप्त मयनेनी दूसरे दौर के मुकाबले में 6-7, 5-7 से हारे। एक समय लग रहा था कि मयनेनी वापसी करने में सफल रहेंगे। पहले सेट में 2-5 से पिछड़ने के बाद उन्होंने शानदार वापसी की लेकिन 12वें गेम में सेट प्वाइंट हासिल करने में नाकाम रहे। पहला सेट टाईब्रेकर तक खिंचा जिसमें वह 5-7 से हार गये।
विश्व में 188वीं रैकिंग के टियाफो ने दृढ़ इच्छाशक्ति का अच्छा नमूना पेश किया। टाईब्रेकर में एक समय वह 2-5 से पीछे थे लेकिन उन्होंने इसके बाद लगातार पांच अंक बनाये। मयनेनी दूसरे सेट में 1-4 से पीछे चल रहे थे लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने इसके बाद लगातार तीन अंक बनाये और स्कोर 4-4 से बराबर कर दिया। मयनेनी हालांकि 12वें गेम में अपनी सर्विस नहीं बचा पाये और टियाफो अगले दौर में पहुंचने में सफल रहे। रामकुमार रामनाथन सोमवार को पहले दौर में ही बाहर हो गये थे।