1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. हैदराबाद के बाद ग्रेटर नोएडा में खुलेगा गोपीचंद बैडमिंटन अकादमी

हैदराबाद के बाद ग्रेटर नोएडा में खुलेगा गोपीचंद बैडमिंटन अकादमी

 Written By: Bhasha
 Published : Jul 20, 2016 04:35 pm IST,  Updated : Jul 20, 2016 04:35 pm IST

हैदराबाद के बाद भारतीय बैडमिंटन टीम के कोच और द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता पुलेला गोपीचंद ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम में विश्व स्तरीय बैडमिंटन अकादमी खोलने के लिए तैयार हैं।

Gopichand badminton acadmy- India TV Hindi
Gopichand badminton acadmy

नई दिल्ली: हैदराबाद के बाद भारतीय बैडमिंटन टीम के कोच और द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता पुलेला गोपीचंद ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम में विश्व स्तरीय बैडमिंटन अकादमी खोलने के लिए तैयार हैं। यह उत्तर भारत में गोपीचंद की पहली अकादमी होगी। इस अकादमी के लिए गोपीचंद ने ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास परिषद और खेल प्रबंधन कंपनी स्पोर्ट्सलिव से करार किया है। इस संबंध में बुधवार को समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।

यह बैडमिंटन अकादमी शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खोली जाएगी, जिसका विकास ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने किया है।

गोपीचंद अकादमी का प्रबंधन स्पोर्ट्सलिव करती है। सेंटर ऑफ एक्सिलेंस में 8-15 आयुवर्ग के करीब 25 प्रतिभाशाली छात्र है। अकादमी में छात्रों की प्रतिभा को निखारने के लिए विदेशी कोच और अन्य भारतीय कोच भी हैं। अकादमी उन सभी तरीकों और तकनीक का प्रयोग करेगी, जिसे अब तक गोपीचंद ने प्रयोग में लिया है। इसके अलावा अकादमी में वैश्विक स्तर की तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा।

व्यावसायिक, तकनीकी और सुविधाओं के प्रबंधन की जिम्मेदारी स्पोर्ट्सलिव, गोपीचंद और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स मिलकर उठा रही हैं। अकादमी का संचालन इस साल अक्टूबर से शुरू होगा।

इस अवसर पर गोपीचंद ने कहा, "हम काफी उत्साहित हैं क्योंकि यह देश के इस भाग में मेरी पहली अकादमी है। हम यहां बैडमिंटन को बढ़ावा देना चाहते हैं। अकादमी को हैदराबाद में हमारे बनाए गए एक्सिलेंस सेंटर की तर्ज पर विकसित किया गया है। अगले कुछ वर्षो में हम यहां से कुछ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को निकलते हुए देखेंगे।"

जीएनआईडीए के सीईओ दीपक अग्रवाल ने कहा, "हमारे लिए गोपीचंद अकादमी और स्पोर्ट्सलिव के साथ साझेदारी करना काफी प्रसन्नता की बात है। अकादमी में शामिल विभिन्न साझेदारों का पूरा ध्यान अकादमी से भविष्य के बैडमिंटन चैंपियन निकालने की ओर है।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल