1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. साइना के पास ऑल इंग्लैंड जीतने का सुनहरा मौका: विमल कुमार

साइना के पास ऑल इंग्लैंड जीतने का सुनहरा मौका: विमल कुमार

 Reported By: Bhasha
 Published : Jan 29, 2019 09:54 pm IST,  Updated : Jan 29, 2019 09:54 pm IST

साइना नेहवाल के पूर्व कोच विमल कुमार का मानना है कि वह मानसिक रूप से देश की सबसे मजबूत बैडमिंटन खिलाड़ी हैं और इतने लंबे करियर का राज चोटों से उबरकर वापसी करने की उसकी क्षमता है।

Saina Nehwal- India TV Hindi
Saina Nehwal Image Source : @BAI_MEDIA TWITTER

साइना नेहवाल के पूर्व कोच विमल कुमार का मानना है कि वह मानसिक रूप से देश की सबसे मजबूत बैडमिंटन खिलाड़ी हैं और इतने लंबे करियर का राज चोटों से उबरकर वापसी करने की उसकी क्षमता है। साइना पिछले साल के आखिर में चोटिल हुई थी, लेकिन वापसी करके उसने इंडोनेशिया मास्टर्स खिताब जीता जब कैरोलिना मारिन ने पैर की चोट के कारण फाइनल छोड़ दिया। 

2014 से 2017 तक साइना के कोच रहे विमल ने कहा, ‘वह मानसिक रूप से सबसे मजबूत हैं। पुरुष खिलाड़ियों से भी ज्यादा।’ उन्होंने कहा, ‘कोर्ट पर होने पर वह ज्यादा नहीं सोचतीं। उन्हें इससे भी फर्क नहीं पड़ता कि दर्द हो रहा है। वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके विरोधी के लिए मुश्किलें खड़ी करती हैं।’ विमल का मानना है कि मारिन और दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी ताई जू यिंग के चोटिल होने से साइना और पीवी सिंधु के पास ऑल इंग्लैंड खिताब जीतने का सुनहरा मौका है। 

उन्होंने कहा, ‘इंडोनेशिया में मिली जीत से साइना का आत्मविश्वास काफी बढ़ा होगा और इससे उन्हें ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप जीतने में मदद मिलेगी।’ उन्होंने कहा, ‘कैरोलिना को चोट से उबरने में पांच-छह महीने लगेंगे लिहाजा ऑल इंग्लैंड में मुकाबला खुला होगा। कैरोलिना और ताइ जू प्रबल दावेदार थीं। अब साइना और सिंधु के पास सुनहरा मौका है।’ 

मार्च में 29 वर्ष की होने जा रही साइना शीर्ष 10 में सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं और विमल का कहना है कि उन्हें फॉर्म बरकरार रखने के लिए चतुराई से अभ्यास करना होगा। उन्होंने कहा, ‘वह कई बार चोटों का शिकार हुईं। मैं ओलिंपिक में उनके साथ था। वह अच्छी तैयारी कर रही थीं और अचानक चोट लग गई। उन्होंने वापसी की और इसके लिए उन्हें श्रेय देना चाहिए।’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल