रायपुर: भारतीय हॉकी टीम ने गुरुवार को सरदार वल्लभभाई पटेल स्टेडियम में हुए हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) फाइनल के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में ब्रिटेन को 2-1 से हरा दिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम एचडब्ल्यूएल फाइनल के सेमीफाइनल में प्रवेश कर गई।भारत शनिवार को सेमीफाइनल में अर्जेंटीना और बेल्जियम के बीच होने वाले चौथे क्वार्टर फाइनल के विजेता से भिड़ेगा।
भारत ने अच्छी शुरूआत की और पहले दो क्वार्टर में अधिक समय गेंद को अपने कब्जे में रखा। भारत ने लगातार हमले किये जिसके कारण वह 19वें मिनट में पेनल्टी कार्नर हासिल करने में सफल रहा। रघुनाथ ने ताकतवर फ्लिक से उसे ब्रिटिश गोलकीपर हैरी गिबसन के दायीं तरफ से गोल में डाला।
इसके बाद भी भारत ने कुछ और मौके बनाये लेकिन स्ट्राइकरों में रमनदीप सिंह ने लगातार गलतियां की। भारत मध्यांतर तक एक गोल से आगे था। ब्रिटेन ने दूसरे हाफ में आक्रामक रवैया अपनाया और भारत पर दबाव बनाने की कोशिश की। दूसरे हाफ के दूसरे मिनट में ही डेविड कोंडोन के शाट को श्रीजेश ने बचाया। भारत ने हालांकि जवाबी हमले किये और तालविंदर ने पेनल्टी कार्नर हासिल किया लेकिन ब्रिटेन ने रैफरल लिया और रेफरी ने अपना फैसला वापस ले लिया।
भारत ने दबाव बनाये रखा और उसके पास सुनहरा मौका 36वें मिनट में आया। रमनदीप ने मिडफील्ड से गेंद हासिल की और सरदार सिंह की मदद से गेंद लेकर आगे बढ़े लेकिन भारतीय स्ट्राइकर का शाट बार के उपर से चला गया। भारत ने हालांकि 39वें मिनट में बढ़त दोगुनी कर दी। भारत ने जवाबी हमला किया और कोठाजीत सिंह ने तालविंदर को बड़ी खूबसूरती से स्कूप पास दिया जिन्होंने अच्छी तरह से उसे गोल में पहुंचाया।
मैच में आखिरी दस मिनट का खेल भारतीय डिफेंस में खेला गया। ब्रिटेन ने दबाव बनाया जिससे वह चौथा पेनल्टी कार्नर हासिल करने में सफल रहा। मैंटेल ने इस पर गोल करके मैच को दिलचस्प बना दिया। ब्रिटेन ने इसके बाद भी भारतीय रक्षापंक्ति में लगातार सेंध लगायी। यहां तक कि एक अतिरिक्त खिलाड़ी उतारने के लिये ब्रिटेन ने 56वें मिनट में अपना गोलकीपर हटा दिया था। आखिरी दो मिनट तनावपूर्ण रहे। ब्रिटेन को लगातार दो पेनल्टी कार्नर मिले लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाया।