1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. ISL-6 : हैदराबाद ने अपने घर में मुंबई FC को बराबरी पर रोका

ISL-6 : हैदराबाद ने अपने घर में मुंबई FC को बराबरी पर रोका

 Reported By: IANS
 Published : Jan 24, 2020 11:38 pm IST,  Updated : Jan 24, 2020 11:38 pm IST

मेजबान हैदराबाद एफसी ने शुक्रवार को इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के छठे सीजन में अपने घर जीएमसी बालायोगी स्टेडियम में खेले गए मैच में मुम्बई सिटी एफसी को 1-1 की बराबरी पर रोक दिया।

ISL-6 : हैदराबाद ने अपने घर...- India TV Hindi
ISL-6 : हैदराबाद ने अपने घर में मुंबई FC को बराबरी पर रोका Image Source : HYDERABAD FC

हैदराबाद| मेजबान हैदराबाद एफसी ने शुक्रवार को इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के छठे सीजन में अपने घर जीएमसी बालायोगी स्टेडियम में खेले गए मैच में मुम्बई सिटी एफसी को 1-1 की बराबरी पर रोक दिया। मेजबान टीम के लिए बराबरी का गोल मार्को स्टानकोविक ने किया। उन्होंने यह गोल इंजुरी टाइम में पेनाल्टी पर कर मुम्बई को अंक बांटने पर मजबूर कर दिया।

मुम्बई को मोहम्मद लार्बी ने 43वें मिनट में पेनाल्टी पर गोल करके 1-0 की बढ़त दिला दी थी, लेकिन हैदराबाद ने इंजुरी टाइम में अपने स्टानकोविक के पेनाल्टी पर किए गए गोल की मदद से मुम्बई सिटी को ड्रॉ पर रोक दिया।

जॉर्ज कोस्टा की देखरेख में खेल रही मुम्बई सिटी एफसी को 14 मैचों में पांचवीं बार अंक बांटना पड़ा है। मुम्बई के अब 20 अंक हो गए हैं, लेकिन वह अभी पांचवें नंबर पर ही है। वहीं, हैदराबाद पिछले 14 मैचों में तीसरी बार अंक बांटने पर मजबूर होना पड़ा है। टीम पिछले 12 मैचों में एक भी मैच नहीं जीत पाई है।

मुम्बई सिटी को छठे मिनट में फ्रीकिक मिला जबकि अगले मिनट में ही मुम्बई के लिए अपना चौथा मैच खेल रहे सर्ज केविन अपने साथी शेरमीती से मिले पास पर गेंद को अपने कब्जे में नहीं रखा पाए।

इन प्रयासों के बावजूद मुम्बई ने अपना आक्रमण जारी रखा और 19वें मिनट में उसने एक बड़ा हमला बोला। डिएगो कार्लोस ने एक शानदार शॉट लगाया, लेकिन वह अपने इस शॉट से हैदराबाद के गोलकीपर लक्ष्मीकांत कट्टीमनी को छका नहीं पाए और मुम्बई ने बढ़त लेने का मौका गंवा दिया।

अगले मिनट में ही मेजबान टीम के कप्तान मार्सेलो परेरा का शॉट गोलपोस्ट के ऊपर से निकल गया। वहीं, 34वें मिनट में मुम्बई के सौरव दास को विपक्षी टीम के कप्तान परेरा को गिराने के कारण पीला कार्ड थमाया गया। पहला हाफ खत्म होने से कुछ मिनट पहले ही नाटकीय घटनाक्रम ने मुम्बई को मैच में 1-0 से आगे कर दिया।

मैच के 42वें मिनट में रेफरी ने एक तरफ हैदराबाद के निखिल पुजारी को पीला कार्ड थमा दिया और दूसरी तरफ मुम्बई सिटी को पेनाल्टी दे दिया। ट्यूनीशियाई मिडफील्डर मोहम्मद लार्बी ने इस पर कोई गलती नहीं की और पेनाल्टी को गोल में तब्दील करके पहले हाफ की समाप्ति तक मुम्बई सिटी को 1-0 की बढ़त दिला दी। लार्बी का सीजन का यह दूसरा गोल है।

59वें मिनट में हैदराबाद एफसी को एक कॉर्नर मिला, लेकिन उसने उसे जाया कर दिया। इसके दो मिनट बाद ही लार्बी अपने और अपनी टीम के लिए दूसरा गोल दागने के बेहद करीब पहुंच गए थे, लेकिन साहिल ने इसे क्लीयर कर दिया। अगले कुछ मिनट में हैदराबाद ने बराबरी करने के कुछ सुनहरे मौके गंवा दिए। इनमें से दो मौके तो मैथ्यू किलगालन के पास ही आया और किलगालन 67वें तथा 74वें मिनट में अपने हेडर से हैदराबाद को बराबरी दिलाने से चूक गए।

78वें मिनट में मुम्बई सिटी के प्रतीक चौधरी को पीला कार्ड थमाया गया और अब वे अगले मैच में नहीं खेल पाएंगे। इसके बाद मुकाबला इंजुरी टाइम में चला गया, जहां मेजबान टीम को पेनाल्टी हासिल हुई और स्टानकोविक ने इसे गोल में दागने में कोई गलती नहीं की। स्टानकोविक के इस गोल से हैदराबाद ने मुम्बई सिटी को 1-1 से ड्रॉ पर रोक दिया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल