नई दिल्ली: हाकी इंडिया ने रियो ओलंपिक खेलों से पहले बड़ा फेरबदल करते हुए राष्ट्रीय पुरूष हाकी टीम की कमान सीनियर गोलकीपर पीआर श्रीजेश को सौंप दी है जबकि लंबे समय से कप्तानी संभाल रहे सरदार सिंह से यह जिम्मेदारी छीन ली गई है।
फिलहाल विश्व हाकी के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर में से एक श्रीजेश को लंदन में छह देशों के चैम्पियन्स ट्राफी हाकी टूर्नामेंट में उनकी अगुआई में टीम के रजत पदक जीतने का फायदा मिला है।
श्रीजेश के लिए खिलाड़ी और कप्तान के रूप में टूर्नामेंट काफी अच्छा रहा और भारत ने टूर्नामेंट के 38 साल के इतिहास में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। भारत ने फाइनल में नियमित समय तक आस्ट्रेलिया को बराबरी पर रोके रखा लेकिन इसके बाद टीम विवादास्पद शूट आउट में हार गई।
एसवी सुनील को उप कप्तान नियुक्त किया गया है। दूसरी तरफ सरदार सिंह को मैदान के अंदर और बाहर मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। मैदान पर उनके प्रदर्शन में गिरावट आई है और वह उतने फुर्तीले मिडफील्डर नहीं रहे जितने हुआ करते थे। मैदान के बाहर भी उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है और ब्रिटेन की एक नागरिक ने उनके खिलाफ शादी का वादा करके बलात्कार करने के आरोप लगाए हैं।
हाकी इंडिया के रियो ओलंपिक के लिये महिला और पुरूष टीम की घोषणा करने के लिये आयोजित समारोह में ओल्टमैन्स ने पत्रकारों से कहा, कप्तान बदलने के पीछे हमारा सिद्धांत यह है कि हमें लगता है कि लोगों को मैदान के अंदर और मैदान के बाहर अधिक जिम्मेदारियां लेने की जरूरत है।
सरदार बहुत अधिक जिम्मेदारियां उठा रहा था और इस वजह से वह वैसा प्रदर्शन नहीं कर पा रहा था जैसी हम उससे उम्मीद करते हैं। उन्होंने कहा, कप्तान बदलने से मुझे लगता है कि सरदार ओलंपिक खेलों में और बेहतर खेल दिखाएंगे। सरदार ने यह फैसला (उन्हें कप्तान पद से हटाने का) पूरी खेल भावना से लिया है। वह जानता है कि उनसे क्या उम्मीद की जा रही है